नदी में डूबने से किशोर की मौत, घर में पसरा मातम
बर्नपुर बर्नपुर नेहरू पार्क के पीछे स्थित दामोदर नदी में नहाने के दौरान बर्नपुर आजादनगर के
बर्नपुर : बर्नपुर नेहरू पार्क के पीछे स्थित दामोदर नदी में नहाने के दौरान बर्नपुर आजादनगर के एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो गई थी। हीरापुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि आजादनगर निवासी मो. इस्तियाक का बड़ा बेटा 16 वर्षीय राजा बाबू अहमद आठ दोस्तों के साथ दामोदर नदी के किनारे गया था। बाद में दोस्तों की नदी में नहाने की इच्छा होने पर वह नदी में नहाने के लिए गया। उसी दौरान वह डूबने लगा। उसके दोस्तों के मदद के लिए चिल्लाने पर स्थानीय गांव के सुरेंद्र सिंह उसे बचाने के लिए नदी में कूदे। काफी मशक्कत के बाद राजा बाबू को पानी से वह निकालकर बाहर लाए। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। एक किशोर के नदी में डूबने की सूचना पर रहमतनगर के लोग नदी किनारे पहुंच गए थे। सूचना पाकर हीरापुर थाना पुलिस पहुंची और शव को आसनसोल जिला अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि राजा बाबू सहित उसके आठ दोस्त दामोदर नदी में फोटो खिचवाने के उद्देश्य से गए थे। मृतक के पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। उनके दो पुत्र हैं, राजाबाबू बड़ा बेटा है। घटना के बाद से इलाके सहित उसके घर पर मातम पसरा हुआ है।