आइएसपी के ईडी वर्क्स एके सिंह बनेंगे सेल के निदेशक तकनीकी
इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर
आइएसपी के ईडी वर्क्स एके सिंह बनेंगे सेल के निदेशक तकनीकी
जागरण संवाददाता, आसनसोल : इस्को स्टील प्लांट बर्नपुर के कार्यपालक निदेशक वर्क्स अरविंद कुमार सिंह को केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग लोक उद्यम चयन बोर्ड ने स्टील अथारिटी आफ इंडिया (सेल) का तकनीकी, प्रोजेक्ट एवं रा मेटेरियल का निदेशक चुना गया है। मंगलवार को पश्चिम बर्द्धमान मध्यदेशीय वैश्य समाज की ओर से चंद्रकांत गुप्ता ने उनको बधाई दी। कार्यपालक निदेशक वर्क्स एके सिंह ने आइएसपी बर्नपुर में आने के बाद टीम वर्क के तहत निरंतर विकासमूल कार्य किए है। उन्होंने कार्यक्षमता के कारण सेल के उच्च पद के लिए नियुक्त हुए है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में सेल के साथ सामाजिक कार्यों में भी अपनी योगदान देंगे।
आइएसपी के कार्यपालक निदेशक वर्क्स एके सिंह सेल में 10 जुलाई 1987 में भिलाई में नियुक्त हुए थे। चार वर्ष तक कोकोवैन में योगदान देने के बाद उनका तबादला बोकारो स्टील प्लांट में हो गया। एक वर्ष के बाद उन्हें दुबारा भिलाई स्टील प्लांट में सीजीएम पद पर आसीन किया गया। मृदुल स्वभाव के धनी अरविंद कुमार सिंह को नवंबर 2018 में इस्को स्टील प्लांट के कार्यपालक निदेशक आपरेशन बनाकर भेजा गया। प्लांट के कार्यपालक निदेशक वर्क्स वकील सिंह सेवानिवृत्त होने के बाद मार्च 2019 से कार्यपालक निदेशक वर्क्स पर आसीन है। आइएसपी के सीईओ एवी कमलाकर सेवानिवृत्त होने के बाद आइएसपी के सबसे वरिष्ठ अधिकारी एके सिंह होने के कारण पिछले तीन माह से आइएसपी की बागडोर उनके हाथ में थी। वैश्य समाज के चंद्रकांत गुप्ता ने कहा कि राधानगर रोड स्थित गणिनाथ आश्रम में चल रहे सामाजिक कार्यों में अन्य सामाजिक संस्थानों के साथ सेल इस्को स्टील प्लांट की सामाजिक दायित्व के तहत निरंतर सहयोग मिलता रहा है।