बाजारों में शारीरिक दूरी की उड़ रही धज्जियां
दुर्गापुर लॉकडाउन के बाद रविवार को दुर्गापुर का बाजार खुला। जहां शारीरिक दूरी पालन
दुर्गापुर : लॉकडाउन के बाद रविवार को दुर्गापुर का बाजार खुला। जहां शारीरिक दूरी पालन करने के आदेश की जमकर धज्जियां उड़ी। बाजारों में भीड़ में लोगों ने आना-जाना जारी रखा एवं खरीदारी भी की। दुर्गापुर शहर में कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बावजूद भी लोगों में डर नहीं दिखाई दे रहा है एवं नियमों का पालन करवाने में पुलिस का पसीना भी छूट रहा है। दुर्गापुर के दो प्रमुख बाजारों स्टेशन बाजार एवं बेनाचिति बाजार में एक ही स्थिति रही। पुलिस की सख्ती के कारण लोग मुंह पर मास्क का उपयोग करते हुए तो दिखे लेकिन शारीरिक दूरी का पालन नहीं हुआ। बेनाचिति बाजार के सब्जी बाजार, मछली बाजार सब जगह एक ही स्थिति रही। पुलिस की ओर से शारीरिक दूरी कायम करने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति में बदलाव नहीं हुआ। वहीं बेनाचिति के मुख्य सड़क पर भी वाहनों की भीड़ देखी गई।
प्रशासन की ओर से संक्रमण को देखते हुए दोपहर एक बजे तक ही बाजार खुलने का आदेश दिया गया है। शनिवार को लॉकडाउन के कारण सब कुछ बंद था। इस कारण रविवार को बाजार खुलने के साथ ही लोगों की भीड़ उमड़ गई। हालांकि अगले सप्ताह फिर बुधवार को लॉकडाउन रहेगा। हालांकि लॉकडाउन का लाभ उठाकर कुछ व्यवसायी सामानों के मूल्य में वृद्धि भी कर दिए थे। जिसकी जांच बोरो चेयरमैन चंद्रशेखर बनर्जी ने भी की। उन्होंने कहा कि आलू के मूल्य को लेकर समस्या है। प्रशासन को इसकी जानकारी दी जाएगी।