दहशतजदा लोगों ने खुले आसमान के नीचे बिताई रात
जागरण संवाददाता आसनसोल प्रभावित परिवार के इंद्रजीत बाउरी ने बताया कि रात के तकरीबन 10 ब
जागरण संवाददाता, आसनसोल : प्रभावित परिवार के इंद्रजीत बाउरी ने बताया कि रात के तकरीबन 10 बजे होंगे। हम सब घर पर बैठकर खाना खा रहे थे तभी जोरदार आवाज सुनाई पड़ी। साथ ही धरती कांपने लगी। जिसे देख महसूस किया गया कि भूकंप आया आया है। लोग घर बार छोड़कर सड़क पर पहुंचे तो पाया कि सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ी हुई है। देखते ही देखते कई लोगों के घरों की दीवारों में दरारें पड़ गई। दहशत की वजह से लोग घर छोड़कर खुले आसमान में आकर जागकर रात गुजारी। इलाके के लोगों के मुताबिक जमीन के नीचे कोयला निकालने जाने के बाद खाली हिस्से को रेत से नहीं भरे जाने के कारण यह हाल है।
भाजपा विधायक के खिलाफ लगे नारे : सोमवार की सुबह जब आसनसोल दक्षिण विधानसभा के भाजपा विधायक अग्निमित्र पाल धंसान प्रभावित इलाके पहुंची तो लोगों में आक्रोश देखा गया। विधायक को देख लोगों ने गो बैक का नारा लगाने लगे। इस नारेबाजी में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी शामिल थे। घटना से नाराज भाजपा विधायक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब हर चीज का राजनीतिकरण कर रही है। मुझे रविवार रात खबर मिली कि धंसान हुई है। मुझे लगा कि मैं रात को जाऊंगी। लेकिन इलाके के नेता और कार्यकर्ताओं ने रात को यहां आने से मना कर दिया। बावजूद सुबह उठकर में यहां पहुंची। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने धंसान प्रभावित इलाकों के लोगों के पुनर्वास के लिए रुपया दिया था जबकि राज्य सरकार ने लोगों को कुछ नहीं दिया क्यों? तृणमूल कांग्रेस इन लोगों के लिए राजनीति करने के सिवा कुछ नहीं कर रही है। वे इंतजार कर रहे हैं, जब दुर्घटना होगी, तब काम करेंगे। मैंने ईसीएल अधिकारियों से बात की है।
प्रभावितों की सूची बनाने का दिया निर्देश : धंसान प्रभावित इलाका आसनसोल नगरनिगम के नगर प्रशासक अमरनाथ चटर्जी ने सोमवार को दौरा किया। साथ ही क्षतिग्रस्त हुए घरों के लोगों से बातचीत की। उन्होंने विधायक के आरोप पर कहा कि किसने कब भुगतान किया, किसने नहीं किया। इन बातों से अब क्या फायदा। हमें चाहिए कि अब हम पीड़ित लोगों केसाथ खड़े कैसे रहेंगे। ईसीएल के लोगों को घटना के बाद ही पहुंचना था लेकिन नहीं पहुंचे। यही नहीं हमसे बात तक करना मुनासिब नहीं समझा। नगरनिगम यह देख रही है कि प्रभावित लोगों के लिए क्या किया जा सकता है। मंगलवार को इसे लेकर बैठक होगी। इसके लिए प्रभावित लोगों की सूची तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।
प्रदेश टीएमसी सचिव वी. शिवदासन दासू ने कहा कि रविवार की रात को घटना की सूचना मिलते ही मैंने पुलिस और प्रशासन के लोगों से बात कर प्रभावित हुए लोगों के लिए इंतजाम करने को कहा था। इसके बाद मैं खुद घटनास्थल पर पहुंचा और लोगों से बातचीत की। इस दौरान विधायक के प्रति लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी को घटना की दी जानकारी : पश्चिम बर्द्धमान जिले के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीपीआरडीओ) तमोजीत चक्रवर्ती ने बताया कि जिलाधिकारी को पूरी घटना से अवगत कराया गया है। श्रीपुर एरिया महाप्रबंधक मुकेश कुमार जोशी से भी बातचीत हो चुकी है। उन्हें एक रिपोर्ट देने के अलावा, उन्हें वह सब करने के लिए कहा गया जो ईसीएल को करना चाहिए। नगर प्रशासन से बात हो चुकी है। नगर प्रशासक ने कहा कि वह नगरनिगम क्षेत्र के निवासियों के लिए जितना बन पाएगा उनके लिए करेंगे। क्षेत्र के निवासियों को निकालने के लिए व्यवस्था की गई है। सीआइएसएफ और पुलिस को इलाके में तैनात करने को कहा गया है।
ईसीएल के श्रीपुर क्षेत्र कार्यालय के सूत्रों ने कहा कि अधिकारियों को इलाके में भेजा जा रहा है। धंसान के कारणों की जांच की जा रही है।