बेटे ने रच दी मां की हत्या की साजिश
जागरण संवाददाता दुर्गापुर दुर्गापुर न्यूटाउनशिप थाना क्षेत्र के सुभाष पल्ली में भाई ने अपनी ब
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर :
दुर्गापुर न्यूटाउनशिप थाना क्षेत्र के सुभाष पल्ली में भाई ने अपनी बहन को गोली मारकर हत्या की कोशिश की। जिसमें बहन बबीता उपाध्याय जख्मी हुई है, दो गोली उसे लगी थी। उसका उपचार दुर्गापुर के मिशन अस्पताल में चल रहा है। इधर पुलिस ने मामले में सक्रियता से जांच करते हुए जख्मी महिला के बेटे को ही गिरफ्तार कर लिया। जिसे पुलिस ने आठ दिनों के रिमांड पर लिया है। बेटे पर ही अपने मामा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप है।
दुर्गापुर सुभाष पल्ली निवासी बबीता के पति ट्रक चालक थे। कुछ माह पहले उनकी मौत हो गई थी। इधर पति के साथ रहने वाले खलासी सुभाष राय के साथ बबीता की नजदीकियां बढ़ी एवं डेढ़ माह पहले उसके साथ शादी भी कर ली। लेकिन बबीता के बेटे बिक्रम दुबे एवं भाई आरजू उपाध्याय इसके खिलाफ थे। बेटे ने अपने मामा के साथ गुरुवार को नशा किया। जिसके बाद घर पर जाकर बहन को दो गोली मारकर फरार हो गया। बबीता जख्मी हो गई थी एवं पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए मिशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इधर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। गुरुवार की रात पुलिस ने बिक्रम को गिरफ्तार किया। जिसमें शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर आठ दिनों के रिमांड पर लिया। रिमांड अवधि में पुलिस पूरी सच्चाई का खुलासा करेगी।
----------------------------------------------------------------------
कोट :
गोली कांड मामले की जांच की जा रही है। एक युवक को घटना में गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही मुख्य आरोपित को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
अजय ठाकुर, पुलिस आयुक्त, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट