.... कोरोना की पाबंदी के बीच मनी ईद
जागरण संवाददाता दुर्गापुर ईद का त्योहार मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया।
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : ईद का त्योहार मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। सरकार के निर्देश के तहत इस बार मुस्लिम समुदाय के अधिकांश लोगों ने घरों में नमाज अदा की। मस्जिदों में मगर कम संख्या में लोग मौजूद थे। सरकार के नियम के तहत 50 लोगों को मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए कहा गया था। जिसके कारण मस्जिद में लोगों की भीड़ नहीं रही। अधिकांश लोगों ने अपने-अपने घरों में ही नमाज अदा की और एक दूसरे को ईद की बधाई दी। दुर्गापुर शहर के नईम नगर के नूरी मस्जिद,आमराई स्थित मस्जिद चंडीदास, डीटीपीएस माया बाजार, एमएमसी पानागढ़ आदि मस्जिदों में नमाज अदा की गई। कोरोना महामारी के कारण इस बार जुलूस व समारोह नहीं हुए। आसनसोल दुर्गापुर पुलिस की ओर से सभी मस्जिदों, बाजार आदि पर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। पुलिस प्रशासन के निर्देश पर विभिन्न थानों के प्रभारी ने मस्जिद में जाकर इमाम के हाथों में फूलों का गुच्छा देकर ईद की बधाई दी।
पांडवेश्वर: मुस्लिम समुदाय का पर्व ईद पांडवेश्वर और आसपास सादगी के साथ मनाया गया। कोरोना के चलते मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ नहीें दिखी। अधिकांश लोगों ने घरों में नमाज अदा करने के साथ नये वस्त्र पहनकर एक दूसरे को ईद मुबारकबाद दी। विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने भी मुस्लिम बहुल इलाकों में जाकर लोगों को ईद की बधाई दी। सुरक्षा को लेकर पुलिस की गश्ती इलाके में दिन भर चलती रही।