पीएम बनने का ख्वाब देख रहीं ममता : मुकुल
दुर्गापुर : एक तरफ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने की तैयारी में जुटीं
दुर्गापुर : एक तरफ राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने की तैयारी में जुटीं हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस भी भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने में जुटी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अब प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहीं हैं। लेकिन अब तक यह तय नहीं हुआ है कि गठबंधन का नेता कौन होगा? उस गठबंधन में कौन-कौन रहेगा यह भी देखने वाली बात है। लेकिन भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास के लिए काम कर रही है एवं वर्ष 2019 में फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। उक्त बातें पूर्व रेल मंत्री सह भाजपा नेता मुकुल राय ने कही। वे रविवार की सुबह दुर्गापुर महकमा के कांकसा इलाके के आमलाजोड़ा में किसान मोर्चा के जिला सम्मेलन में हिस्सा लेने आए थे।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उपचुनाव में उत्तर प्रदेश के दो लोकसभा क्षेत्र में हार हुई है। लेकिन उपचुनाव के परिणाम से देश की राजनीतिक स्थिति का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता। दोनों केंद्रों में भाजपा की हार का अंतर भी काफी कम है। आज इन दलों का राजनीतिक आदर्श व नीति नहीं है। आज माकपा व तृकां एक हो गई है। ये लोग दिल्ली में गठबंधन करते है एवं राज्य में लड़ाई करते है। इन लोगों की कोई नीति नहीं है। आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा राज्य में बेहतर प्रदर्शन करेगी, क्योंकि जनता उनकी नीतियों को समझ चुकी है। काफी संख्या में तृकां के लोग भी भाजपा में आएंगे। मौके पर लखन घोरूई, किसान मोर्चा के राज्य महासचिव एस अगस्ती, रामकृष्ण राय, अमिताभ बनर्जी, मनोहर कोन्नार आदि मौजूद थे।