उधार में लिए डेढ़ लाख नहीं देने पर चिंतामणि ने सीतारामपुर के नृत्य पल्ली में अमित गुप्ता को मारी गोली
आसनसोल:आसनसोल के नजदीक कुल्टी थाना के सीतारामपुर में रविवार को गोली लगने से घायल बिहार के अ
आसनसोल:आसनसोल के नजदीक कुल्टी थाना के सीतारामपुर में रविवार को गोली लगने से घायल बिहार के औरंगाबाद के अमित गुप्ता खतरे से बाहर है। मगर वह इस हालत में नहीं है कि जिला अस्पताल में पुलिस उससे अधिक पूछताछ कर सके। पब्लिक की पिटाई से हमलावर चिंतामणि और संजय मंडल की हालत भी ठीक नहीं है। मगर प्रारंभिक जांच में कुल्टी पुलिस को जानकारी मिली है कि डेढ़ लाख रुपए नहीं देने पर चिंतामणि मंडल और संजय मंडल ने अमित गुप्ता को गोली मारी है। अमित गुप्ता दो महीने से शीतल नामक नर्तकी के पास रह रहा था। अमित गुप्ता को गोली लगने के बाद किसी को कुछ बताए बगैर शीतल कही चली गई है। चिंतामणि मंडल और संजय मंडल के इतिहास को जानने के लिए कुल्टी पुलिस ने सोमवार को धनबाद पुलिस से संपर्क किया। कारण कि चिंतामणि और संजय मंडल धनबाद के टुंडी थाना में संग्रामडीह के रहने वाले हैं। कुल्टी पुलिस को सूचना मिली है कि चिंतामणि और संजय का आपराधिक इतिहास रहा है। कुल्टी पुलिस उसकी पुष्टि में लगी है। ::: वर्जन ::: चिंतामणि और संजय मंडल धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों के बारे में धनबाद पुलिस से जानकारी ली जा रही है। अमित के बारे में भी पूरी विवरणी इकट्ठा कराई जा रही है। हमलावरों के साथ अमित गुप्ता के बीच क्या संबंध हैं? पुलिस यह जानने में लगी है। पब्लिक की पिटाई से हमलावरों की हालत नाजुक है। इस नाते उन लोगों से अधिक पूछताछ नहीं हो सकी है, न वे बहुत कुछ बताने की हालत में हैं। सीतारामपुर के नृत्य पल्ली में आने वाले सभी लोगों पर पुलिस की निगाहें हैं। बाहरी लोग कब से रह रहे हैं? उनका पिछला रिकार्ड क्या है? सारी बातों की पुलिस छानबीन कर रही है। अनामित्रा दास, एडीसीपी
......
अमित के भाई ने चिंतामणि से लिया था उधार सीतारामपुर के नृत्य पल्ली में फायरिंग के बाद पुलिस द्वारा अब तक किए गए अनुसंधान में यह बात सामने आई कि टुंडी के चिंतामणि मंडल से अमित गुप्ता के भाई ने डेढ़ लाख रुपए उधार में लिया था। अमित गुप्ता के कहने पर चिंतामणि ने यह राशि दी थी। एडीसीपी अनामित्रा दास ने बताया कि लंबी अवधि गुजरने के बाद भी अमित का भाई उधार की रकम देने में आनाकानी कर रहा था। इधर अमित भी दो माह से नृत्य पल्ली में नर्तकी शीतल के पास रह रहा था। चिंतामणि ने दबाव बनाया तो अमित ने संपर्क करना छोड़ दिया था। चिंतामणि ने अमित की तलाश शुरू की। मालूम हुआ कि नृत्य पल्ली में रह रहा है। चिंतामणि कुछ दिनों से लगातार नृत्य पल्ली के चक्कर लगा रहा था। लंबी मशक्कत के बाद वह आश्वस्त हो गया कि शीतल नामक नर्तकी के पास अमित रह रहा है। इसके बाद रविवार को शीतल के घर के नीचे चिंतामणि और संजय मंडल रुक कर अमित का इंतजार करने लगे। अमित बाहर आया तो चिंतामणि और संजय ने उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया था।
....... आसनसोल अस्पताल में अमित का ऑपरेशन आसनसोल के जिला अस्पताल में गोली लगने से घायल अमित गुप्ता का ऑपरेशन किया गया। इसकी हालत खतरे से बाहर है।
.........
पुलिस गई तो नर्तकी शीतल का घर में मिला ताला
पुलिस सोमवार को सोमवार को नर्तकी शीतल के घर में गई तो ताला लटका मिला। दो माह से उसके साथ रहने वाले अमित गुप्ता को गोली लगने के बाद वह कहीं चली गई। पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि अमित बहुत पहले से वहां आता रहा है। वह उग्र स्वभाव का है। नृत्य पल्ली में दूसरे राज्य से लोग आते हैं। कौन कैसा है? कोई नहीं बता सकता। पुलिस को जानकारी मिली है कि घटना के दौरान इस्तेमाल की गई बाइक संजय मंडल की है।