टीम पीके का सदस्य बनकर तृकां नेता से उगाही
आसनसोल तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनावी रणनीति बनाने का कार्य कर रहे प्रशांत किशोर की ट
आसनसोल : तृणमूल कांग्रेस के लिए चुनावी रणनीति बनाने का कार्य कर रहे प्रशांत किशोर की टीम का सदस्य बताकर टीएमसी नेता से राशि उगाही के आरोप में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी फाड़ी में युवा तृणमूल कांग्रेस राज्य कमेटी सचिव विश्वजीत चटर्जी के शिकायत पर आरोपित मृत्युंजय सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस घटना से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होनी लगी है। इस संबंध में युवा टीएमसी नेता विश्वजीत चटर्जी ने बताया कि बहुत दिनों से पीके टीम का सदस्य बताकर मिलने के लिए आरोपित मृत्युंजय फोन करता था। वह पार्टी की समस्या के बारे में जानकारी भी मांगता था। उसके बाद उसे एक दिन ऑफिस में बुलाया। ऑफिस में आने के बाद उसने पार्टी की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। दूसरे दिन मृत्युंजय सिंह कम्युनिटी कीचेन निर्माण के नाम पर अनुदान राशि की मांग की। जिससे उस पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पीके टीम से मृत्युंजय सिंह के बारे में जानकारी लिया। तब पता चला कि पहले वह पीके टीम में काम करता था। उसके ऊपर कई गंभीर आरोप लगने के कारण टीम से हटा दिया गया। पीके टीम से यह जानकारी मिलने के बाद उन्होंने चौरंगी पुलिस फाड़ी में उसके नाम प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने उसे कुल्टी इलाके से गिरफ्तार किया। वहीं मृत्युंजय सिंह के बड़े भाई धनंजय सिंह ने बताया कि एक समय वह पीके के टीम में काम करता था। वर्तमान समय में क्या करता है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।