रेलनगरी में श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी 70 फुट मां दुर्गा की प्रतिमा
आसनसोल: कोलकाता में बीते वर्ष देश प्रिय पार्क में आयोजित भव्य दुर्गापूजा की तर्ज पर इस बार रेलनग
आसनसोल: कोलकाता में बीते वर्ष देश प्रिय पार्क में आयोजित भव्य दुर्गापूजा की तर्ज पर इस बार रेलनगरी चित्तरंजन में विशालकाय मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है। जिसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। चित्तरंजन छयेर पल्ली सार्वजनीन दुर्गापूजा कमेटी द्वारा आयोजित दुर्गापूजा में इस बार 70 फुट की दुर्गा प्रतिमा के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे। कमेटी के सचिव प्रणव देव ने बताया कि 2017 में देशप्रिय पार्क की दुर्गा प्रतिमा को देखने के बाद उन लोगों ने भी ठान लिया था कि वह लोग भी इस तरह का कुछ अलग करेंगे। इसके लिए कांचरापाड़ा से मूर्तिकार अमल पाल को लाया गया है। लेकिन इससे पहले उन्होंने कभी दुर्गा प्रतिमा का निर्माण नहीं किया था, मां काली की 35 फुट की प्रतिमा बनाई थी। यह उनके लिए भी एक नया अनुभव है, विशालकाय प्रतिमा का निर्माण फाइबर से किया जा रहा है। इस प्रतिमा का कुल वजन करीब 8 टन होगा। संभवत: इस वर्ष में राज्य में इससे बड़ी दुर्गा प्रतिमा कहीं नहीं होगी। क्लब के पैट्रोन बप्पा ने बताया कि प्रतिमा के उपर कोई पंडाल नहीं रहेगा। क्योंकि बारिश होने पर भी प्रतिमा को कोई नुकसान नहीं होगा। 70 फुट की प्रतिमा के पीछे 75 फुट का कृत्रिम पहाड़ रहेगा। प्रतिमा निर्माण का कार्य जनवरी में ही शुरू कर दिया गया था। जिसका कार्य सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी उत्साह है।