अशांति करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगा प्रशासन
दुर्गापुर चुनाव परिणाम आने के बाद से ही दुर्गापुर शहर समेत पूरे महकमा में अशांति चल र
दुर्गापुर : चुनाव परिणाम आने के बाद से ही दुर्गापुर शहर समेत पूरे महकमा में अशांति चल रही है। आए दिन घरों में तोड़फोड़ व मारपीट की घटना हो रही है। जिसे लेकर अशांति देखने को मिल रही है। इन अशांति को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी कड़ा कदम उठाने का आश्वासन दिया जा रहा है। इस कड़ी में बुधवार को दुर्गापुर एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों एवं पुलिस प्रशासन के साथ बैठक की। जिसमें सभी दलों ने चुनाव परिणाम के दिन से शुरू हुई अशांति की घटनाओं को प्रशासन के समक्ष रखा। भाजपा नेता सुनील सिंह ने कहा कि कहीं हमारे कार्यालय को तोड़ा जा रहा है तो कहीं कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया जा रहा है। घर की महिलाएं भी सुरक्षित नहीं है।
पंकज राय सरकार ने कहा कि चुनाव के बाद विभिन्न जगह हिसा हो रही है। मतगणना के दोपहर से ही विरोधियों पर हमला किया जा रहा है। घर छोड़ने को बाध्य किया जा रहा है। काम से हटा दिया जा रहा है। जेमुआ में कृषक सभा के कार्यालय को रंग कर तृणमूल ने झंडा लगा दिया गया है। यह लोकतंत्र के खिलाफ है। पुलिस अगर जल्द एक्शन नहीं लेगी तो गृह युद्ध लगेगा। एसडीएम अर्घ्य प्रसून काजी ने कहा कि चुनाव के बाद शांति कायम रहे। किसी तरह की अशांति को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। कोई घटना होने पर सरकारी नियम के अनुसार सख्त कदम उठाया जाएगा। जो शिकायत आई है, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। बैठक में कांग्रेस के देवेश चक्रवर्ती, भाजपा के सुनील सिंह, अभिजीत दत्ता, भाकपा के रवि ठाकुर, तृणमूल कांग्रेस के देबू चटर्जी आदि मौजूद थे।