सीबीआइ जांच निरंतर प्रक्रिया, सवाल उठाना ठीक नहीं
दुर्गापुर केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते रविवार शाम दुर्गापुर के दौरे पर पहुंच
दुर्गापुर : केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते रविवार शाम दुर्गापुर के दौरे पर पहुंचे। जहां उन्होंने दुर्गापुर इस्पात संयंत्र (डीएसपी) के गेस्ट हाउस में थोड़ा विश्राम किया। सोमवार को उन्होंने पत्रकारों से बातचीत की। कहा कि सीबीआइ जांच की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है। जब सीबीआइ को कोई सूचना या शिकायत मिलती है, वह जांच करती है। जांच के बाद सच्चाई का पता चलता है। सीबीआइ की जांच को लेकर सवाल उठाना ठीक नहीं है। मालूम हो राज्य राजनीति में सांसद अभिषेक बनर्जी के पत्नी को सीबीआइ द्वारा पूछताछ के लिए नोटिस देने से हड़कंप मचा हुआ है। इसके लिए तृकां के नेता भाजपा पर चुनाव के समय केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल करने का आरोप लगा रहे हैं। वहीं पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में वृद्धि के संदर्भ में कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ का मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव पर निर्भर है। आज बढ़ा है तो कल कम भी होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की हवा देखने को मिल रही है। परिवर्तन होना भी चाहिए, ताकि राज्य का विकास हो। बंगाल में भाजपा स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के समय भी थी, उस समय यहां के हमारे सांसद मंत्री भी थे। पिछले पांच वर्षों में भाजपा ने यहां संगठन बढ़ाने पर जोर दिया है। हमलोगों ने कम्युनिस्टों से भी लड़ाई की है। बंगाल में अलग प्रकार की शासन व्यवस्था चल रही है, जो ठीक नहीं है। यहां के लोगों को खुशी, विकास के लिए सरकार को काम करना चाहिए।
केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री ने डीएसपी का किया दौरा
जासं, दुर्गापुर : केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने सोमवार को दुर्गापुर स्टील प्लांट का दौरा किया। अंडाल एयरपोर्ट पर डीएसपी के सीईओ एवी कमलाकर समेत अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। उन्होंने डीएसपी में अधिकारियों के साथ बैठक भी की। जहां डीएसपी एवं इस्को स्टील प्लांट के वाणिज्यिक पहलुओं की समीक्षा की, जहां कई दिशा-निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सेल एवं उसकी इकाइयों की भूमिका का भी जिक्र किया। वहीं दुर्गापुर हाउस में उन्होंने पौधरोपण भी किया। जहां सीईओ एवी कमलाकर, कार्यपालक निदेशक बीपी सिंह समेत अन्य मौजूद थे।