तृणमूल-भाजपा समर्थकों में मारपीट से बुदबुद में तनाव
दुर्गापुर बुदबुद थाना के कांकरा गांव में सोमवार को भाजपा व तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच
दुर्गापुर : बुदबुद थाना के कांकरा गांव में सोमवार को भाजपा व तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों दलों के कई समर्थक जख्मी हुए। वहीं भाजपा समर्थक आदिवासियों के कई घरों में आगजनी व तोड़फोड़ की घटना भी हुई। दमकल की टीम ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इससे इलाके में तनाव देखने को मिला। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर हमले का आरोप लगाया है। सोमवार की सुबह तृणमूल कार्यकर्ता जीत का जश्न मना रहे थे। एक-दूसरे को हरा गुलाल लगा रहे थे। वहीं से अशांति शुरू हुई। यह इलाका आउसग्राम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत है, जहां से तृणमूल को जीत मिली है। जब तृणमूल के लोग उत्साह मना रहे थे। उसी समय जंगल से भाजपा समर्थकों ने तीर से हमला किया। जिसमें चार तृणमूल कार्यकर्ता जख्मी हुए। धीर अली मोल्ला, अनारूल शेख, बापी शेख एवं फैजुल शेख को तीर से जख्मी हालत में पानागढ़ स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने आदिवासियों के घरों पर हमला किया। जहां तोड़फोड़ के साथ आगजनी की गई। भाजपा का आरोप है कि 20 घरों में तोड़फोड़ एवं आगजनी की घटना हुई है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता मनीर मंडल ने कहा कि भाजपा के लोगों ने तीर धनुष व धारदार हथियार से हमारे कार्यकर्ताओं को जख्मी किया। हालांकि इलाके की महिलाओं का कहना है कि हमलोग किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं। हमलोगों के घरों को आग के हवाले किया गया है। एक सौ से अधिक लोगों ने यह हमला किया। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रमन शर्मा ने कहा कि चुनाव परिणाम को हमलोग स्वीकार करते हैं, लेकिन अशांति ठीक नहीं है। तृणमूल नेताओं को शांति स्थापित करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।