पूर्व विधायक ने मास्क पहनाकर किया लोगों को जागरूक
संवाद सहयोगी सांकतोड़िया रघुनाथपुर के पूर्व विधायक पूर्ण चंद्र बाउरी ने नितुरिया पुलिस क
संवाद सहयोगी, सांकतोड़िया : रघुनाथपुर के पूर्व विधायक पूर्ण चंद्र बाउरी ने नितुरिया पुलिस के साथ शुक्रवार को नितुरिया प्रखंड के पारबेलिया सुभाष सेतु के करीब आने-जाने वाले लोगों में जागरूकता के लिए मास्क व सैनिटाइजर का वितरण किया। उन्होंने लोगों को कोरोना के इस समय में सतर्कता बरतने को कहा। इस मौके पर पुरुलिया जिला युवा तृणमूल कांग्रेस के सचिव अमजद खान, तृणमूल कांग्रेस के अन्य समर्थक, नितुरिया पुलिस के अधिकारी सुजय कुंडू सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस की ओर से नितुरिया पुलिस के सहयोग से करीब पांच सौ बगैर मास्क वाले लोगों के बीच मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया गया। इस सिलसिले में पुरुलिया जिला युवा तृणमूल के सचिव अमजद खान ने कहा कि तृणमूल की ओर से आठ दिवसीय कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को चौथे दिन यह कार्यक्रम किया गया। अब भी बहुत सारे लोग मास्क की उपयोगिता नहीं समझ पा रहे हैं। मास्क पुलिस के डर से या अपनी सुरक्षा के लिए पहनना है यह लोगों को समझना बेहद जरूरी है। मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि कोरोना से सुरक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को लोगों को मास्क तथा सैनिटाइजर का वितरण किया जा रहा है। काफी लोग मास्क सिर्फ पुलिस के डर से पहन रहे हैं। लोगों को लगता है कि उन्हें मास्क की जरूरत नहीं है। उन्होंने बिना मास्क पहने या फिर मुंह पर गमछा लपेटे हुए लोगों को मास्क प्रदान कर इसका नियमित इस्तेमाल करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि इस तरह का कार्यक्रम आने वाले दिनों में भी चलता रहेगा।