साहब, यमुनोत्रीधाम में इस बार कैसे चलेगी यात्रा
उत्तरकाशी कलक्ट्रेट परिसर में यमुनोत्रीधाम मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिल
उत्तरकाशी : कलक्ट्रेट परिसर में यमुनोत्रीधाम मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान समिति पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को धाम के परिस्थितियों से अवगत कराकर यात्रा का सुगमता से संपन करने की बात कही। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बीते 16 जुलाई को यमुनोत्रीधाम में हुई अतिवृष्टि के कारण सब तहस नहस हो गया है। धाम में मूलभूत सुविधा शौचालय, पुल, सुरक्षा दीवार, मार्ग के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। ऐसे में धाम में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। धाम परिसर में जो भी सुरक्षात्मक काम चल रहे हैं वह अभी निमार्णाधीन है, सात मई को यमुनोत्रीधाम के कपाट खुलने जा रहे हैं। ऐसे में देवदर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होगी। जिसका असर यात्रा पर पड़ेगा। समिति पदाधिकारियों को जिलाधिकारी ने यात्राकाल में व्यवस्थाएं चाकचौबंद करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल, जगमोहन उनियाल, श्यामसुंदर उनियाल, भागेश्वर उनियाल, अनिरुद्ध उनियाल आदि शामिल थे।