Move to Jagran APP

अवैध खनन से खोखली हो गई है यमुना

तहसील बड़कोट के अंतर्गत यमुना नदी में अवैध खनन लगातार जारी है

By JagranEdited By: Published: Sun, 26 Jun 2022 05:20 PM (IST)Updated: Sun, 26 Jun 2022 05:20 PM (IST)
अवैध खनन से खोखली हो गई है यमुना
अवैध खनन से खोखली हो गई है यमुना

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : तहसील बड़कोट के अंतर्गत यमुना नदी में अवैध खनन लगातार जारी है। अवैध खनन से यमुना नदी खोखली हो गई है। खनन माफिया ने जेसीबी और पोकलेन मशीन से खोदकर बड़े-बड़े गड्ढे बना दिए हैं, जिनमें कभी भी बड़ी दुर्घटना घट सकती है।

loksabha election banner

बड़कोट तहसील मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित पौंटी पुल के निकट यमुना नदी में लंबे समय अवैध खनन चल रहा है। यहां खनन माफिया ने यमुना नदी तक सड़क भी बना दी है। खनन माफिया दिन और रात के समय में बेखौफ होकर खनन कर रहा है। लेकिन, पुलिस और प्रशासन की ओर से अवैध खनन को लेकर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे प्रदेश को राजस्व नुकसान भी हो रहा है। खनन माफिया ने पौंटी पुल के निकट करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में यमुना नदी को छलनी कर डाला है। जिन क्रशर प्लांट पर यह अवैध खनन जा रहा है। उनके भंडारण की भी प्रशासन ने एक बार भी जांच नहीं की है।

------------------

शिकायत करने पर भी नहीं हुई कार्रवाई

उत्तरकाशी : कृष्णा गांव के ग्रामीणों ने कई बार यमुना में अवैध खनन को लेकर थाना बड़कोट और तहसील बड़कोट में शिकायत भी की है। लेकिन, उसके बाद भी अवैध खनन रोकने को लेकर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। कृष्णा गांव के प्रधान हरीश कुमार ने उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी को ज्ञापन देकर यमुना में हो रहे अवैध खनन को रोकने की मांग की है। एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर तहसील मुख्यालय का घेराव करने और अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।

------------

अवैध खनन के लिए बनाए गए मार्गों को किया ध्वस्त

उत्तरकाशी : उपजिलाधिकारी बड़कोट शालिनी नेगी ने बताया कि क्षेत्र से प्राप्त हो रही अवैध खनन की शिकायतों को लेकर गत शनिवार शाम को राजस्व विभाग की टीम ने यमुना नदी के खनन संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। खनन माफिया की ओर से खनन करने के लिए बनाए गए कच्चे मार्गों को ध्वस्त किया गया। एसडीएम ने बताया कि अवैध खनन करने वालों को कतई भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यमुनावैली में संचालित स्टोन क्रशर स्वामियों एवं अन्य को भी हिदायत देते हुए कहा कि यदि अवैध खनन करते हुए पाए गए तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार अर्थदंड एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.