श्रमिकों ने श्रम विभाग के कार्यालय पर जड़ा ताला
भारत मजदूर संगठन उत्तरकाशी से जुड़े मजदूरों ने उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इसके साथ ही श्रम विभाग के जोशियाड़ा स्थित कार्यालय में तालाबंदी कर दी है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : भारत मजदूर संगठन उत्तरकाशी से जुड़े मजदूरों ने उत्तरकाशी जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। इसके साथ ही श्रम विभाग के जोशियाड़ा स्थित कार्यालय में तालाबंदी कर दी है। श्रमिकों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक श्रम विभाग के कार्यालय का ताला नहीं खोला जाएगा। साथ ही उनका धरना-प्रदर्शन कलक्ट्रेट परिसर में निरंतर जारी रहेगा।
सोमवार को उत्तरकाशी में भारत मजदूर संगठन के बैनर तले श्रमिक एकत्र हुए। श्रमिक पहले जोशियाड़ा स्थित श्रम विभाग के कार्यालय पहुंचे, जहां पिछले सात माह से श्रम प्रवर्तन अधिकारी का पद रिक्त है। श्रम विभाग में कोई अधिकारी न होने के कारण श्रमिकों ने श्रम विभाग के पूरे कार्यालय में तालाबंदी कर दी, जिसके बाद श्रमिक कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में श्रमिकों को पूर्व की भांति विवाह के लिए एक लाख दिए जाएं। वर्तमान में केवल 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। कोविड महामारी के कारण श्रमिकों की आजीविका सबसे अधिक प्रभावित हुई है। इसलिए आर्थिक सहायता व खाद्यान्न सामग्री दी जाए। श्रमिकों के पास आधुनिक संसाधनों की कमी होने के कारण श्रमिकों का पंजीकरण आफलाइन के जरिये किया जाए, जिससे हर श्रमिक अपना पंजीकरण श्रम विभाग में करा सके। साथ ही श्रमिकों के बेरोजगार बच्चों को प्रांतीय रक्षक दल के तहत रोजगार दिया जाए। इस मौके पर बृजपाल सिंह, रेशमा रावत, सुनीता देवी, स्वराजी, गीता देवी, भरत प्रसाद नौटियाल, सुंदर सिंह भंडारी, सतीश चंद्र आदि मौजूद थे।