बड़कोट हादसे में घायल महिला ने दम तोड़ा
जागरण संवाददाता उत्तरकाशी बीते शनिवार को बड़कोट के पास हुई कार दुर्घटना में घाय
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : बीते शनिवार को बड़कोट के पास हुई कार दुर्घटना में घायल हुई महिला की देहरादून ले जाते समय मौत हुई है। यह महिला बीते शनिवार को घायल अवस्था में एक घंटे तक जंगल के बीच पहाड़ी में फंसी रही। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर एसडीआरएफ प्रमिला नाम की महिला तक पहुंची और उसका रेस्क्यू किया। लेकिन, शनिवार की रात को प्राथमिक उपचार देने के बाद जब महिला को देहरादून रेफर किया गया तो महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं उत्तरकाशी के एसपी पंकज भट्ट ने बताया कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है वहां एक कुत्ते की भी मौत हुई है। घायलों से प्राप्त जानकारी में यह पता चला है कि उनकी कार के आगे अचानक कुत्ता आ गया था। जिसको बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हुई। कार में दो बच्चों सहित आठ लोग सवार थे। पंकज व राम ने रेस्क्यू में की सहायता
बड़कोट गांव निवासी राम उनियाल एवं पंकज सिंह ने शनिवार को हुई कार दुर्घटना में एसडीआरएफ व पुलिस के जवानों के साथ रेस्क्यू कार्य में अहम भूमिका निभाई। ट्रेकिंग गाइड का कार्य करने वाले इन दोनों युवाओं ने गहरी खाई से जोखिम भरे रास्तों में कार दुर्घटना के घायलों एवं मृतकों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने में मदद की। जिसकी सभी लोग सराहना कर रहे हैं। दोनों युवक नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी से प्रशिक्षित हैं। मुआवजा देने की घोषणा
यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने बीते शनिवार की शाम को बड़कोट में हुई दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। विधायक ने इस घटना में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को एक-एक लाख, गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार और समान्य घायलों को 25-25 हजार की धनराशि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिलवाने की का आश्वासन दिया है।