उमा भारती मार्कंडेय मंदिर पहुंची, भागीरथी किनारे लगाया ध्यान
उमा भारती शाम को मार्कंडेय मंदिर पहुंची। देर शाम तक उन्होंने मंदिर परिसर में भागीरथी के किनारे ध्यान लगाया।
उत्तरकाशी, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री उमा भारती शाम को मार्कंडेय मंदिर पहुंची। देर शाम तक उन्होंने मंदिर परिसर में भागीरथी के किनारे ध्यान लगाया। शुक्रवार को उमा भारती का कार्यक्रम श्रीनगर के निकट कीर्तिनगर पहुंचने का है।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती सात मई की शाम को गंगोत्री पहुंची थीं। बुधवार सुबह उमा गंगोत्री से धराली आई। धराली में उन्होंने कल्प केदार मंदिर के दर्शन किए और बुधवार की शाम को भागीरथी के किनारे कुछ देर तक ध्यान भी लगाया। लेकिन गुरुवार को सुबह से दोपहर ढाई बजे तक उमा भारती धराली स्थित होटल में ही रही।
उमा भारती ने स्थानीय लोगों और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से भी दूरी बनाकर रखी। दोपहर बाद वे गंगा की शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा पहुंची, जहां प्रशासन ने डांडी-कंडी की व्यवस्था की। मुखवा से डांडी-कंडी के सहारे उमा भारती डेढ़ किलोमीटर दूर मार्कंडेय मंदिर पहुंची। मार्कंडेय मंदिर में पूजा की और फिर मंदिर परिसर के पास ही भागीरथी नदी के किनारे ध्यान में बैठीं। केंद्रीय मंत्री उमा भारती के कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को वह धराली से कीर्तिनगर के लिए प्रस्थान करेंगी और रात्रि विश्राम वहीं करेंगी।
यह भी पढ़ें: गंगोत्री पहुंची केंद्रीय मंत्री उमा भारती, मंदिर और गंगा तट पर पूजा का कार्यक्रम
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप