102 किलो डोडा पाउडर के साथ दो गिरफ्तार
धरासू पुलिस ने 102 किलो डोडा पाउडर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : धरासू पुलिस ने 102 किलो डोडा पाउडर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित लुधियाना (पंजाब) के हैं, जो डोडा पाउडर लेकर पंजाब जा रहे थे। धरासू पुलिस की सतर्कता पर पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
उत्तरकाशी जनपद में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चल रहा है। इसी के तहत चार दिन पहले बड़कोट पुलिस ने 150 पेटी शराब बरामद की। जबकि बीते शुक्रवार की रात को धरासू पुलिस को डोडा पाउडर तस्करी की सूचना मिली। धरासू थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने चेकिग के दौरान कांसी तिराहा पर एक कार को रोका, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। कार की जांच की तो उसमें डोडा पाउंडर के बोरे मिले, जिसका भार एक कुंतल दो किलो निकला। पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। धरासू थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि आरोपितों की पहचान मंदीप सिंह निवासी नारायणगड़, थाना खन्ना जिला लुधियाना (पंजाब) और कसीस निवासी ग्राम नमीबादी थाना सदर जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। वाहन को भी सीज किया गया। यह डोडा पाउडर उनके पास कहां से आया, इसे लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक समीप पांडेय, उप निरीक्षक विनोद पंवार, हेड कांस्टेबल सुनील रावत, कांस्टेबल डोडी सिंह चौहान, अनिल चौहान, अनिल तोमर, आनंद खरोला, अजय चंदेल आदि मौजूद थे।