गोमुख से गंगासागर तक गंगा में सर्वेक्षण शुरू
लॉकउाउन के दौरान गंगा में आए बदलाव को लेकर सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो गया है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : लॉकउाउन के दौरान गंगा में आए बदलाव को लेकर सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो गया है। यह सर्वेक्षण गोमुख से गंगासागर तक किया जा रहा है। सर्वे के तहत गंगा जल की गुणवत्ता, गंगा का प्रवाह और जलीय जीवों की स्थिति पर पड़े प्रभावों का आकलन किया जाना है। इसी के साथ ही नमामि गंगे के तहत किए गए कार्यो को लेकर डाक्यूमेंट्री का फिल्माकन भी किया जा रहा है।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक राजीव रंजन मिश्र के आदेश पर चार सदस्यीय टीम इन दिनों उत्तरकाशी में है। जिलाधिकारी ने बताया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में कई टीमें सर्वे कार्य में जुटी हैं। उत्तरकाशी पहुंची टीम गोमुख से देवप्रयाग तक का सर्वेक्षण करेगी। करीब ढाई माह तक लागू रहे लॉकडाउन का असर पर्यावरण पर भी पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान उत्तराखंड में गंगा समेत अन्य नदियों का जल भी निर्मल हुआ है।
डॉ. चौहान ने बताया कि मई में सर्वे कार्य का निर्णय लिया गया था। सर्वे कर रही टीम के लाइजनिंग अफसर प्रकाश खत्री ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक टीम ने गंगोत्री से लेकर हíषल तक का सर्वे कर लिया है। इसके बाद गोमुख से गंगोत्री और फिर देवप्रयाग तक सर्वे कार्य किया जाएगा।