बौन गांव में बरसाए गए बीज बम
रेणुका समिति की ओर से डुंडा ब्लॉक के आदर्श सांसद गांव बौन में बीज बम अभियान चलाया गया।
उत्तरकाशी: रेणुका समिति की ओर से डुंडा ब्लॉक के आदर्श सांसद गांव बौन में बीज बम अभियान चलाया गया। जिसमें समिति के कार्यकर्ताओं ने स्वयं सहायता समूह और ग्रामीणों के साथ मिलकर बीज बम बनाए। इन बीज बमों में ग्रामीणों ने सब्जी व फलों के बीज रखे और गांव के निकट बंजर भूमि पर बरसाए। इसके साथ ही ग्रामीणों को बीज बम के बारे में जानकारी दी गई।
रेणुका समिति के अध्यक्ष संदीप उनियाल ने बताया कि जाड़ी संस्था के अध्यक्ष द्वारिका सेमवाल ने बीज बम के अभियान को शुरू किया है। पर्यावरण संरक्षण एवं वन्यजीवों को जंगलों में ही रोकने के लिए यह अभियान कारगर है। इसके लिए मिट्टी को गूंथ कर गोले बनाने होते हैं। इसके बाद उनके अंदर बीज डालकर उन्हें जंगलों के आसपास बिखेरा जाता है। इसमें सबसे अधिक फायदा किसानों का है। इससे जंगली जानवर उनकी फसलों को नुकसान न पहुंचाकर बीज बम से तैयार जंगलों में उपलब्ध भोजन को खाएंगे। इस मौके पर दिगम्बर पालीवान, गुड्डी देवी, विनीता देवी, जमुना देवी, सावित्री देवी आदि मौजूद थे।(जासं)