उत्तरकाशी की मिट्टी में पोटाश की कमी
न्याय पंचायत मुस्टिकसौड़ के अलेथ गांव में कृषि विभाग की ओर से कृषि मेले का आयोजन किया गया जिसमें नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर में संचालित मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के बारे में जानकारी दी गई।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : न्याय पंचायत मुस्टिकसौड़ के अलेथ गांव में कृषि विभाग की ओर से कृषि मेले का आयोजन किया गया, जिसमें नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर में संचालित मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के बारे में जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि भटवाड़ी ब्लाक प्रमुख विनीता रावत ने कहा कि ग्रामीण खेती-किसानी में पूरी मेहनत करते हैं। लेकिन, जानकारी के अभाव में मेहनत का सही फल नहीं मिल पाता है। इसलिए ग्रामीण वैज्ञानिक तरीके से खेती करें। किसी तरह की परेशानी होने पर कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की आय को दोगुनी करने का संकल्प लिया है और उसी तर्ज पर लगातार कार्य हो रहे हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र चिन्यालीसौड़ से प्रभारी वैज्ञानिक डॉ. पंकज नौटियाल ने कृषकों से मिट्टी की जांच अनिवार्य रूप से करने की अपील की। डॉ. पंकज नौटियाल ने कहा कि उन्होंने अपने शोध में पाया है कि उत्तरकाशी जनपद में किसानों के खेतों की मिट्टी में पोटाश की अधिक कमी है। इसलिए किसानों को पोटाश का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। कृषि विज्ञान केंद्र से प्रोग्राम लैब सहायक वरुण सुयाल ने मृदा नमूना एकत्रित करने एवं प्रतिनिधि नमूना तैयार करने संबंधी जानकारी कृषकों को दी। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला संयोजक जगमोहन सिंह रावत, कनिष्ठ उप प्रमुख मनोज पंवार, बिजना रावत, स्यालिक राम भट्ट, संगीता महर, प्रगतिशील किसान दलवीर चौहान, कृषि विभाग से विकासखंड प्रभारी गोविद सिंह नेगी, प्राविधिक सहायक रामवीर पुंडीर, सहायक कृषि अधिकारी सुरेश राणा आदि मौजूद थे।