चीन की नापाक हरकतों पर भड़के निम के प्राचार्य
चीन की नापाक हरकतों और हिसक झड़प को लेकर आम से लेकर खास तक में आक्रोश है।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: चीन की नापाक हरकतों और हिसक झड़प को लेकर आम से लेकर खास तक में आक्रोश है। चीनी उत्पाद न खरीदने और चीन से सामान न मंगवाने को लेकर भी लोगों से अपील की जा रही है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने कहा कि आमजनों के लिए सही कदम उठाने का यही सबसे सही समय है।
कर्नल बिष्ट के अनुसार जब हम बाजार से कुछ सामान खरीदते हैं और मंगवाते हैं तो चीन से उत्पादित सामान से परहेज करें। चीन के कई मोबाइल एप हैं जो चीन की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। चीन उत्पादित जो सामान हम खरीदते हैं, उससे उसकी अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। यह धनराशि वहां की सेना के वेलफेयर पर भी खर्च होती है। इसलिए यह समय आत्मनिर्भर बनने का है, अपनी आवश्यकताओं को आविष्कार में बदलने का है।
निम प्राचार्य ने कहा कि विश्व में कई ऐसे देश हैं, जो वही उत्पाद अच्छी गुणवत्ता का बनाते हैं। हम अपनी अतिआवश्यक जरूरतों का सामान वहां से भी मंगवा सकते हैं। हमारा यह छोटा-सा कदम चीन पर गंभीर असर डालेगा। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये भी अपील की है कि लोग इस संदेश को अपने प्रियजनों तक पहुंचाएं और चीनी उत्पादों की खरीद से बचें।