समय रहते क्षतिग्रस्त पैदल मार्गो को ठीक करना जरूरी
संवाद सूत्र बड़कोट यमुनोत्री धाम में बीते शीतकाल में हुई भारी बर्फबारी से खासा नुकसान हुअ
संवाद सूत्र, बड़कोट : यमुनोत्री धाम में बीते शीतकाल में हुई भारी बर्फबारी से खासा नुकसान हुआ है। बीते सोमवार को प्रशासन की टीम यमुनोत्री धाम में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पहुंची। एडीएम तीर्थपाल ने बताया कि उन्होंने यमुनोत्री धाम में पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है। यात्रा को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं। निर्देश प्राप्त होते ही पुनर्निर्माण कार्य कराया जाएगा।
यमुनोत्री धाम के कपाट 26 अप्रैल को अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर खुलने हैं। लेकिन, लॉकडाउन के चलते अभी यात्रा को लेकर प्रशासन के पास कोई आदेश नहीं आया है। यमुनोत्री धाम में पुनर्निर्माण सहित शीतकाल में क्षतिग्रस्त हुए शौचालय, मंदिर परिसर की छत सहित अन्य कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं। प्रशासन अभी आकलन की बात कर रहा है। मंदिर समिति के सचिव कृतेश्वर उनियाल ने कहा कि यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हैं। धाम में शौचालय, टीन शेड आदि भी बर्फबारी से क्षतिग्रस्त हो रखे हैं, जिन्हें समय रहते ठीक करना अति आवश्यक है। मौके पर उपजिलाधिकारी सोहन सैनी, तहसीलदार मोहन सिंह राणा, अधिशासी अभियंता लोनिवि सुनील गर्ग, जल संस्थान के अवर अभियंता देवराज तोमर, जगमोहन उनियाल, बागेश्वर उनियाल, गिरीश उनियाल आदि मौजूद थे।