खरादी-नागण गांव को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग बहा
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से खरादी-नागण गांव को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग बह गया है
संवाद सूत्र,बड़कोट : यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से खरादी-नागण गांव को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग बह गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यमुना के तेज बहाव के बीच वाहनों को किसी तरह से निकाला जा रहा है। साथ ही पैदल आने-जाने वाले जान-जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। नागण गांव निवासी भरत सिंह ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग पर यमुना के बहाव में आए दिन वाहन फंस रहे हैं, जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला जाता है। ऐसे में वाहन में बैठी सवारियों की भी सांसें अटकी रहती हैं। स्थाई सड़क का निर्माण न होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। तहसीलदार मोहन सिंह ने बताया कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से नगाण गांव वैकल्पिक मार्ग खतरनाक हो गया है। विभाग को जल्द ही सुरक्षात्मक उपाय के लिए कहा गया है। चिवां मोल्डी मोटर मार्ग भी बंद
पुरोला : आराकोट-चिवां मोल्डी मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। मोटर मार्ग बंद होने से मोल्डी क्षेत्र के ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लोनिवि पुरोला के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बारिश से चिवां मोल्डी मार्ग पर मलबा व भारी पत्थर आए हैं। मार्ग को खोलने में रविवार सुबह से ही लोनिवि की टीम लगी हुई थी। रविवार की शाम को आराकोट थुनारा और चिवां मोल्डी मोटर मार्ग को सुचारु कर दिया गया है।