हिमखंड टूटने से आइटीबीपी के पर्वतारोही की गई जान
आरोहण के दौरान आइटीबीपी का एक पर्वतारोही हिमखंड की चपेट में आकर खाई में जा गिरा। रेस्क्यू के दौरान पर्वतारोही की गंगोत्री प्रथम चोटी के बेस कैंप में मौत हो गई।
उत्तरकाशी, जेएनएन। गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र की गंगोत्री प्रथम (6672 मीटर) चोटी के आरोहण के दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) का एक पर्वतारोही हिमखंड की चपेट में आकर करीब 200 मीटर खाई में जा गिरा। रेस्क्यू के दौरान पर्वतारोही की गंगोत्री प्रथम चोटी के बेस कैंप में मौत हो गई। मृतक पर्वतारोही लेह-लद्दाख के रहने वाले थे।
गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र की गंगोत्री प्रथम चोटी के आरोहण को आटीबीपी के 26 पर्वतारोहियों का दल गत 27 सितंबर को मातली (उत्तरकाशी) से रवाना हुआ था। दल गंगोत्री से रुद्रगैरा होते हुए गंगोत्री प्रथम चोटी के बेस कैंप पहुंचा। बीते 11 अक्टूबर को यह दल गंगोत्री प्रथम के आरोहण के करीब था। लेकिन, इसी बीच सुबह साढ़े नौ बजे चोटी से एक हिमखंड टूट गया, जिसने अपर टुक्चा रोड, लेह-लद्दाख निवासी आइटीबीपी के हेड कांस्टेबल नुरबो वांगदूश (28) को अपनी चपेट में ले लिया। नतीजा नूरबो हिमखंड के साथ करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। साथी पर्वतारोहियों ने तत्काल मौके पर रेस्क्यू कर उन्हें खाई से निकाला, लेकिन शुक्रवार शाम साढ़े तीन बजे गंगोत्री प्रथम चोटी के बेस कैंप में उन्होंने दम तोड़ दिया।
चंबा-ऋषिकेश राजमार्ग मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत; दस लोग घायल
शनिवार को आइटीबीपी ने गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में हेली के जरिये रेस्क्यू की अनुमति मांगी। इसके बाद पर्वतारोही के शव को बेस कैंप से जौलीग्रांट पहुंचाया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि आइटीबीपी की ओर से मिली सूचना के अनुसार हेड कांस्टेबल नुरबो वांगदूश की आरोहण के दौरान हिमखंड की चपेट में आने से मौत हुई।
यह भी पढ़ें: लैंसडोन में खाई में गिरी कार, एक महिला की मौत और तीन घायल