छात्र-छात्राओं को दी महिला अधिकारों की जानकारी
अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तरकाशी की ओर से एक ऑनलाइन सेमिनार आयोजित किया गया। जिसमें राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तरकाशी की ओर से एक ऑनलाइन सेमिनार आयोजित किया गया। जिसमें राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव दुर्गा ने कहा कि 15 सितंबर 2007 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक दिवस घोषित किया था। लोकतंत्र के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर वर्ष यह दिवस मनाया जाता है।
सेमिनार में सचिव दुर्गा ने महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के अधिकारों, मोटर वाहन अधिनियम, श्रम कानून के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने भारत के संविधान के मौलिक अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्र छात्राओं को शिक्षा का अधिकार है। इसमें निश्शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा है। महिलाओं के महत्वपूर्ण विधिक अधिकार हैं। जिनमें हिन्दू विवाह एवं संपत्ति का अधिकार महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण संबंधी अधिनियम, भरण पोषण से संबंधित विधिक जानकारी भी दी। सेमिनार कुछ छात्रों ने सवाल पूछे, जिनके जवाब विधिक प्राधिकरण की ओर से दिए गए। इस मौके पर छात्र-छात्राओं में शिवानी चौहान, शिवानी राणा, स्वाति, राखी विजयलक्ष्मी पंवार, अमृता बहुगुणा, मेघा चौहान, नेहा चौहान, शिवम भंडारी, गणेश राणा, ऋषभ, शुभम आदि मौजूद थे।