सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं किसान
कृषि विज्ञान केंद्र चिन्यालीसौड़ में सुशासन दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : कृषि विज्ञान केंद्र चिन्यालीसौड़ में सुशासन दिवस को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं से किसानों को जुड़ना चाहिए। इस मौके पर केदार सिंह रावत ने ग्रामीण किसानों की समस्याओं को जाना तथा निस्तारण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में दो सौ से अधिक किसानों ने शिरकत की। साथ ही कृषक वैज्ञानिक संवाद का भी आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न कृषकों ने अपनी बात और क्षेत्र में हो रही समस्याओं को वैज्ञानिकों के सम्मुख रखा। कार्यक्रम के समापन पर केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके बीएससी, कृषि के छात्र छात्राओं, उद्यान सहायक एवं कृषि प्रसार सेवा प्रदाता प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस मौके पर भाजपा नेता राम सुंदर नौटियाल, पूनम रमोला, विजय बडोनी, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ. पंकज नौटियाल, केंद्र के कृषि प्रसार विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. गौरव पपनै, सुरेश तोमर, नीरज जोशी, वरुण सुप्याल, ख्याली राम आदि मौजूद थे। मोरी में सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष जगवीर भंडारी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के आदर्शों पर चलने और उनके सपनों को पूरा करने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा मंडल पुरोला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी आदि मौजूद थे।
नौगांव में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता शिव प्रसाद चमोली ने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर विपक्ष का हंगामा न्यायोचित नहीं है। यमुनाघाटी में नकदी फसलों का उत्पादन अधिक है। नए कृषि कानूनों से यहां के काश्तकारों को फायदा होगा। इस मौके पर कृषि एवं भुमि संरक्षण अधिकारी राम नरेश गुलेरिया, ज्येष्ठ उप प्रमुख किशन राणा, जिला पंचायत सदस्य दलवीर चंद, आंनद राणा, शशीमोहन सिंह राणा, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान आदि मौजूद थे। विकास खंड भटवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक गोपाल रावत, जैविक बोर्ड के उपाध्यक्ष सुशील चौहान, भटवाड़ी ब्लॉक की प्रमुख विनीता रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, जगमोहन सिंह रावत सहित कई मौजूद थे।