भाजपा के संगठनात्मक चुनावों की तैयारी शुरू
जागरण संवाददाता उत्तरकाशी भाजपा के संगठनात्मक चुनाव में बूथ समितियों बूथ अध्यक्षों और मंड
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : भाजपा के संगठनात्मक चुनाव में बूथ समितियों, बूथ अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के चुनाव संपन्न होने के बाद अब जिलाध्यक्ष के चुनाव की कसरत शुरू हो गई है। जिलाध्यक्ष के दावेदारों ने इसके लिए संपर्क अभियान भी तेज कर दिया है। विधायक से लेकर बड़े नेता अपने करीबियों के लिए लॉबिग कर रहे हैं। उत्तरकाशी में जिलाध्यक्ष को लेकर अंतिम राय मशविरा 5 दिसंबर को भेजा जाना है।
भाजपा के जिला सहचुनाव अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तरकाशी जिले में भाजपा जिला अध्यक्ष के लिए आवेदन और रायशुमारी के लिए बैठक 5 दिसंबर को होगी। इसके लिए भाजपा कार्यालय ज्ञानसू में अपेक्षित पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में जिला चुनाव अधिकारी राजेंद्र अंथवाल सबसे पहले नए भाजपा मंडल अध्यक्षों से परिचय लेंगे। इसी दिन अपेक्षित कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से रायशुमारी लेकर प्रदेश चुनाव अधिकारी को पैनल सौंपेंगे।
बिष्ट ने कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष के चुनाव में नए मंडल अध्यक्षों, जिला प्रतिनिधि, निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्षों, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, दायित्वधारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, प्रदेश मोर्चे के पदाधिकारियों से रायशुमारी ली जाएगी। इसी दिन रायशुमारी के बाद पैनल तैयार कर प्रदेश को भेजा जाएगा।