आपदा के प्रभाव में कमी ला सकती है लोगों की जागरूकता
जागरण संवाददाता उत्तरकाशी विश्व आपदा न्यूनीकरण दिवस पर यूथ रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : विश्व आपदा न्यूनीकरण दिवस पर यूथ रेडक्रॉस समिति उत्तराखंड की ओर से पीजी कॉलेज उत्तरकाशी में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। जिसमें आपदा पूर्व तैयारी के संबंध में बुनियादी ढांचागत विकास में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सेमिनार में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. हर्षवंती बिष्ट ने कहा कि आपदा के प्रभावों को कम करने में आपदा से पूर्व, आपदा के समय और आपदा के बाद के कार्यों में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को अपनी यह जिम्मेदारी बखूबी निभानी चाहिए। सेमिनार के कोर्डिनेटर कमलेश गुरुरानी ने कहा कि आपदा के प्रभावों में कमी तभी हो सकती है, जब सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखते हुए भवनों का निर्माण किया जाए। सेमीनार में यूथ एवं जूनियर रेडक्रॉस के राज्य समन्वयक डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल ने प्राथमिक उपचार के बारे जानकारी दी। जाड़ी संस्था के अध्यक्ष द्वारिका सेमवाल, रेडक्रॉस के सदस्य मंगल सिंह पंवार, बचन सिंह राणा, जनपदीय समन्वयक डॉ. टीआर प्रजापति ने भी विचार व्यक्त किए।
वहीं जिला आपदा प्रबंधन की ओर से जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज भटवाड़ी, राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जागरूकता रैली निकालने के साथ लोगों को आपदा सुरक्षा संबंधित जानकारी दी गई। इस मौके पर राइंका बड़कोट में पेंटिग प्रतियोगिता आयोजित की गई।