मलबा बन सकता है मुसीबत का सबब
नगर पालिका बड़कोट के दर्जन भर से अधिक स्थानों में हो रहे निर्माण कार्य से निकलने वाला मलबा गाड़ गदेरों में डाला जा रहा है।
बड़कोट : नगर पालिका बड़कोट के दर्जन भर से अधिक स्थानों में हो रहे निर्माण कार्य से निकलने वाला मलबा गाड़ गदेरों में डाला जा रहा है। बरसात में यह मलबा मुसीबत का सबब बन सकता है।
नगर पालिका के कृष्णा, उपराड़ी, साडा, बड़कोट, लाल पुल और गदेरों में खुलेआम सरकारी और प्राइवेट निर्माण कार्यों का मलबा डंप किया जा रहा है। तहसील मुख्यालय और नगर पालिका के नाक के नीचे हो रहे इस प्रकार के अवैध कार्य पर स्थानीय निवासियों में खासा आक्रोश है। भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष कृष्णा राणा और बृजमोहन आदि ने प्रशासन को पत्र लिखकर अवैध रूप से डंपिग के इस कार्य को बंद करने की मांग की है। शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि 2012 और 2013 कि आपदा के दौरान भी पालिका के अधिकांश वार्डों को नुकसान पहुंचा है। अगर ये अवैध कार्य इसी प्रकार से जारी रहे तो नगर पालिका के अस्तित्व पर खतरा मंडरा सकता है। नगर पालिका अध्यक्ष अनुपमा रावत ने बताया कि उक्त प्रकरण पर कार्यवाही के लिए आलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है। (संसू)