भारत-चीन सीमा पर सेना प्रमुख ने बढ़ाया जवानों का हौसला, दी दिवाली की बधार्इ
थलसेना प्रमुख बिपिन रावत इस बार दीपावली उत्तरकाशी जनपद में भारत चीन सीमा पर तैनात सेना व आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) जवानों के साथ मनाएंगे।
उत्तरकाशी, [जेएनएन]: थलसेना प्रमुख बिपिन रावत मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे। पहले दिन उन्होंने भारत-चीन सीमा के सटे नेलांग क्षेत्र में सेना और आइटीबीपी के जवानों के बीच जाकर उन्हें दीपावली की बधाई दी और उनकी हौसला अफजाई की। जनरल रावत ने सीमा की अंतिम चौकियों का हवाई निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने शाम को गंगोत्री धाम पहुंचकर दर्शन किए।
सेना प्रमुख बिपिन रावत सुबह साढ़े आठ बजे नेलांग पहुंचे। करीब 13 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित नेलांग में महार रेजीमेंट व आइटीबीपी के अधिकारियों के साथ ही जवानों के बीच उन्होंने दो घंटे बिताए। इस दौरान उन्होंने इन सभी को दीपावली की बधाई दी और विपरीत परिस्थितियों में देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात रहने के लिए उत्साहवर्धन किया। सेना प्रमुख ने अधिकारियों से नेलांग घाटी में सेना और आइटीबीपी की चौकियों के बारे में भी जानकारी ली। इसके बाद सीमा की चौकियों का हवाई निरीक्षण किया।
दोपहर वे हर्षिल स्थित आर्मी कैंप में पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए। अपराह्न साढ़े तीन बजे उन्होंने गंगोत्री धाम पहुंचकर दर्शन किए। सेना प्रमुख रात्रि विश्राम हर्षिल में करेंगे।
पीएम आ सकते हैं हर्षिल
सेना प्रमुख बिपिन रावत के दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे से कयास लगाए जा रहे हैं कि दीपावली वाले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी सीमा पर जवानों के बीच आ सकते हैं। हालांकि अधिकारी इस बारे में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
यह भी पढ़ें: चीन सीमा पर जवानों के साथ दीपावली मना सकते हैं मोदी
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी को दिखाई जाएगी केदारनाथ में बदलाव की तस्वीर
यह भी पढ़ें: केदारनाथ में लोकार्पण कार्यक्रम पर आचार संहिता का पेच