भरभराकर टूटी दीवार, भवनों को खतरा
गंगोत्री हाईवे पर गंगोरी के पास शुक्रवार की दोपहर एक दीवार भरभराकर गिर गयी।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गंगोत्री हाईवे पर गंगोरी के पास शुक्रवार की दोपहर एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे की चपेट में 20 घरों को जोड़ने वाला रास्ता भी आ गया है। इसके अलावा कुछ भवनों को भी खतरा पैदा हो गया है। गंगोरी वार्ड के सभासद देवेंद्र चौहान ने उपजिलाधिकारी और सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों से वार्ता कर सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग उठाई है।
शुक्रवार की सुबह बारिश और दोपहर में तेज धूप होने से जनपद में कई स्थानों पर भूस्खलन की खबरें हैं। गंगोरी न्यू जनरेशन ब्रिज के निकट भी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन होने से रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि उस समय रास्ते पर कोई नहीं था। भूस्खलन होने से गंगोरी निवासी गुलाब सिंह पंवार के भवन को सबसे अधिक खतरा पैदा हो गया है। अगर बारिश हुई तो भूस्खलन का दायरा बढ़ सकता है। अन्य घर भी भूस्खलन की चपेट में आ सकते हैं।