भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का वाहन बर्फ में फिसला, बाल बाल बचे Uttarkashi News
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का वाहन चौरंगी के समीप सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण रपटकर अनियंत्रित हो गया। चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
उत्तरकाशी, जेएनएन। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का वाहन चौरंगी के समीप सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण रपटकर अनियंत्रित हो गया। चालक ने सूझबूझ के साथ वाहन को सड़क किनारे एक पत्थर के सहारे रोक दिया। इससे प्रदेश अध्यक्ष की जान बाल-बाल बच गई। हादसे से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत लंबगांव से लंबगांव-उत्तरकाशी मोटर मार्ग होते हुए उत्तरकाशी आ रहे थे। बीते शुक्रवार को क्षेत्र में हुई बर्फबारी से चौरंगी के समीप सड़क मार्ग पर आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष का वाहन चौरंगी के समीप बर्फ के कारण रपट गया। जिससे उनका वाहन अनियंत्रित हो गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ से वाहन को एक पत्थर से टकरा दिया, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद धौंतरी में गाजणा मंडल के कार्यकर्ताओं को घटना के बारे में पता चला तो गंगोत्री विधायक गोपाल सिंह रावत भी शामिल थे। हादसे का पता चलते ही विधायक और कार्यकर्ता घटना स्थल की ओर रवाना हुए। जहां से उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को सकुशल धौंतरी पहुंचाया। धौंतरी में गाजणा मंडल के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उसके बाद थलन, मानपुर में भागीरथी मंडल ने उनका स्वागत किया। उत्तरकाशी में जनसभा के बाद डुंडा, चिन्यालीसौड़ और ब्रह़मखाल में उनका स्वागत हुआ। रात्रि विश्राम के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत बड़कोट के लिए रवाना हो गए।
बर्फ में फंसे लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने बचाया
बीते शुक्रवार रात सूचना प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के इंद्रधनुष कार्यक्रम का प्रसारण करने कफनोल आए स्वयं सेवी संस्था के एक दल के सदस्यों को लेकर आ रहा वाहन भारी बर्फबारी के कारण राड़ी-धारी कफनोल मोटर मार्ग के बीच बर्फ में फंस गया। वाहन में नौ लोग सवार थे। बड़कोट एसडीआरएफ द्वारा सभी लोगों को सुरक्षित निकाला गया। बड़कोट थाना प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को लगभग रात दस बजे उन्हें सूचना मिली कि राड़ी के पास कुछ लोग बर्फ के चलते गाड़ी में ही फंसे हुए हैं, फंसे यात्रियों में से एक कि तबीयत खराब भी हो रही है।
यह भी पढ़ें: ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की हुई मौत Dehradun News
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम घटना स्थल की ओर रवाना हुई। राड़ी में बर्फ होने के कारण राहत टीम नौगांव होते हुए धारी कफनोल पहुंची। जहां उन्होंने वाहन में सवार जयपाल कलोड़ा, शूरवीर चौहान, प्यारे ¨सह राणा, प्यारे लाल, खुशीलाल, युद्धवीरलाल, कृष्णा, राधा, पूजा सवार थे। सभी लोग चिन्यालीसौड़ के थे। इस दौरान वाहन में सवार एक सदस्य शूरवीर चौहान का स्वास्थ्य बिगड़ गया, जिन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी गई और अन्य सभी लोगों को सकुशल सीएससी बड़कोट पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: वाहनों की भिड़ंत में बुलेट सवार दो छात्रों की मौत Haridwar News