गंगोत्री दर्शनों को पहली बार पहुंचे 148 श्रद्धालु
चारधाम दर्शनों को ई-पास बनाने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
जागरण टीम, गढ़वाल: चारधाम दर्शनों को ई-पास बनाने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की ओर से 688 श्रद्धालुओं को ई-पास जारी किए गए। इनमें 132 ने बदरीनाथ, 351 ने केदारनाथ, 170 ने गंगोत्री और 35 ने यमुनोत्री के लिए ई-पास बनवाए।
चारों धाम के लिए एक जुलाई से अब तक कुल 12097 ई-पास जारी हो चुके हैं। वहीं, बदरी-केदार की तरह गंगोत्री धाम में भी अब यात्रियों की आमद बढ़ने लगी है। बुधवार को 148 श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए। इनमें 134 पुरुष, सात महिला और सात बच्चे शामिल थे। एक जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद धाम में श्रद्धालुओं की यह सबसे बड़ी संख्या है। हालांकि, यमुनोत्री दर्शनों को 11 पुरुष व छह महिलाओं समेत महज 21 श्रद्धालु ही पहुंचे।
केदारनाथ धाम में दर्शनार्थियों की संख्या 162 रही। इनमें 150 पुरुष और 12 महिलाएं शामिल थीं। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ.हरीश गौड़ ने बताया कि 12 जून से अब तक 2183 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। बताया कि भूस्खलन के चलते बदरीनाथ हाइवे 27 घंटे बंद रहने से 132 श्रद्धालु ही दर्शनों के लिए पहुंच पाए।