कलह में महिला ने खुद को लगाई आग, गंभीर
ग्राम नारायणपुर में एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते आग लगा कर आत्महत्या का प्रयास किया।
संसू, गदरपुर : ग्राम नारायणपुर में एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते आग लगा कर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला को गंभीर हालत में रुद्रपुर जिला अस्पताल से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया।
ग्राम नारायणपुर निवासी पूजा (24) की जयपाल सिंह से तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी। शाम 5 बजे पूजा ने कमरा बंद कर अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। आग लगने की घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने दरवाजा तोड़ आग को बुझाया और पूजा को रुद्रपुर जिला अस्पताल ले गए। जहा उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। पूजा की 2 साल की पुत्री है और वर्तमान में वह गर्भवती है। पूजा का मायका अल्मोड़ा में है। पति जयपाल सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करता है। प्रधान विपिन गाबा की सूचना पर थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ललित मोहन जोशी के मुताबिक गृह कलह का मामला सामने आ रहा है। फिलहाल उसका उपचार कराया जा रहा है, इसके बाद पूरी जांच होगी।