किसानों के समर्थन में व्यापारी, बाजार व पेट्रोल पंप रहेगा बंद
ऊधमसिंह नगर जिले में किसानों के आह्वान पर व्यापार मंडल ने मंगलवार को जिलेभर में बाजार बंद रखने का निर्णय लिया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : किसानों के आह्वान पर व्यापार मंडल ने मंगलवार को बाजार बंद रखने का एलान किया है। इस दौरान दुकानें सुबह से शाम तक बंद रहेंगी। इसके अलावा पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे। व्यापारियों ने कहा कि वह किसानों के साथ हैं।
कृषि कानून को रद करने के लिए किसान आंदोलनरत हैं। मंगलवार को गांधी पार्क में प्रांतीय व्यापार मंडल की बैठक हुई। जिसमें प्रांतीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बताया कि किसान के भारत बंद का व्यापार मंडल समर्थन करता है। इसके लिए सभी प्रतिष्ठान सुबह आठ बजे से शाम के पांच बजे तक बंद रहेंगे। पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे। किसान सिख संगत इस दौरान बाजार में तैनात होंगे। बताया कि ट्रेजरी बंद कराया जाएगा।
..
किसानों की अपील पर व्यापारिक प्रतिष्ठान रहेंगे बंद
संवाद सूत्र, नानकमत्ता : भारत बंद के आह्वान का व्यापारियों ने समर्थन किया है। जिसको लेकर यहां के व्यापारियों ने मंगलवार को अपने व्यापारिक प्रतिस्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है।प्रांतीय व्यापार मंडल नानकमत्ता के अध्यक्ष रंजीत सिंह रानू ने अपना समर्थन देंकर मंगलवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है। इस मौके पर कोषाध्यक्ष जसपाल सिंह जस्सा, महामंत्री कुलदीप सिंह, अवतार सिंह, त्रिलोक सिंह, मनोरथ राणा, कृपाल सिंह, नवीन जोशी, जगदीश राणा उपस्थित रहे।
..
व्यापारी बाजार बंद कर किसानों को दे समर्थन: शिल्पी
गदरपुर: भारत बंद को लेकर प्रदेश कांग्रेस नेत्री शिल्पी अरोड़ा ने कहा कि देश का किसान सरकार की नीतियों से त्रस्त होकर देशभर में आंदोलन कर रहे हैं। अब समय आ गया है कि देश की जनता को एकजुट होकर देश के अनदाता किसानों का समर्थन करना चाहिए।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि मंगलवार को भारत बंद का समर्थन कर देशवासी अपना सहयोग प्रदान करें। इस दौरान अरोरा ने विधानसभा के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक क्षेत्र के व्यापारियों से मिलकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बाजार बंद रखें। ताकिकिसानों को इस आंदोलन में नैतिक सहयोग दिया जा सके।