14.88 लाख की लागत से बनेगी टाइल्स रोड
खटीमा की पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने वार्ड-13 में टाइल्स मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
संस, खटीमा : पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने वार्ड-13 में टाइल्स मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने कहा और अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
यहां संजय रेलवे पार्क के बराबर से निकलने वाला मार्ग लंबे अर्से से जीर्ण-शीर्ण हालत में था। जिसके निर्माण को लेकर सभासद विश्वनाथ यादव लगातार दबाव बना रहे थे। इस बीच मंगलवार को चेयरमैन सोनी राणा ने वार्ड 13 स्थित संजय रेलवे पार्क गेट से मेनका एजेंसी तक 14.88 लाख की लागत से प्रस्तावित इंटरलॉक टाइल्स रोड के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर की अन्य जर्जर सड़कों का भी जल्द पुनर्निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने ठेकेदार को निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने की हिदायत दी। इस मौके पर पूर्व विधायक गोपाल सिंह राणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अरुण सक्सेना, अधिशाषी अधिकारी धर्मानंद शर्मा, सभासद जेपी सिंह, विश्वनाथ यादव, नफीस अंसारी, मुकेश राणा थे।
------------
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में जुडे़ चार वाहन
संस, खटीमा: नगर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्थ रखना हमारी प्राथमिकता है। जिसमें कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने कही। उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए चार नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रदेश में लॉकडाउन के साथ ही शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन भी बंद हो गया था। ठेकेदार ने कूड़ा उठाना बंद कर दिया था। जिसके चलते सफाई व्यवस्था पूर्ण रूप से पटरी से उतर गई थी और जगह-जगह गंदगी के ढेर लग रहे थे। जिसकी शिकायत लगातार चेयरमैन सोनी राणा को मिल रही थी। इस बीच पालिका प्रशासन द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने को ठेकेदार के माध्यम से चार नए वाहन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए लगाए गए। जिनका मंगलवार को चेयरमैन सोनी राणा ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। ईओ धर्मानंद शर्मा ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्य में पहले से चार टुक-टुक व दो छोटा हाथी वाहन लगे थे। फिर से चार नए छोटा हाथी वाहनों को कलेक्शन कार्य में लगाया गया है। जिससे सफाई के कार्य में मदद मिलेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक गोपाल राणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अरुण सक्सेना, सभासद, जेपी सिंह, नफीस अंसारी, विश्वनाथ यादव, महेश राणा थे।