चीनी मिल कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द हो सकता है समाधान
बाजपुर में मांगों को लेकर आंदोलनरत सहकारी चीनी मिल की पांच ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी कैबिनेट मंत्री से मिले।
संवाद सहयोगी, बाजपुर : विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत सहकारी चीनी मिल की पांच ट्रेड यूनियनों से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द निदान हो सकता है। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य से हल्द्वानी स्थित उनके आवास पर मिले कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र सौंपा। कहा कि लगातार गुहार के बावजूद उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
रविवार को हल्द्वानी गए कर्मकारों के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व नैनीताल विधायक संजीव आर्य से उनके आवास पर मुलाकात की। साथ ही फिटमेंट प्रक्रिया जल्द शुरू करवाने, मृतक आश्रितों को नियोजन देने व नियोजित संविदा कर्मियों की बहाली करवाने आदि मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा गया तथा चीनी मिल व सह इकाई आसवनी की विभिन्न समस्याओं के बारे में वार्ता की गई। उनका कहना था कि कर्मचार पिछले एक जुलाई से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधि ने उनकी कोई सुध नहीं ली है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य से मांगों का निस्तारण करवाने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल यूनियन अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य द्वारा शासन स्तर पर वार्ता की गई है जिसमें यथाशीघ्र सभी समस्याओं के समाधान को रास्ता निकालने का आश्वासन दिया गया है जिसके चलते उन्हें उम्मीद है कि अब जल्द ही मिल कर्मकारों की समस्याएं दूर हो जाएंगी। इस मौके पर नरेंद्र शर्मा, रामकुमार शर्मा, अमला प्रसाद यादव, गुरमीत सिंह सीटू, जीवन सिंह, अभय प्रकाश, नगेंद्र सिंह, श्रीष कुमार सिंह, अभिषेक तिवारी आदि श्रमिक मौजूद थे।