अधेड़ पर कुत्ते ने किया हमला, गंभीर
शहर की सड़कों पर आवारा कुत्तों का आतंक रुकने का नाम नही ले रहा है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर :
शहर की सड़कों पर आवारा कुत्तों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को आदर्श कालोनी में वृद्धा को काटने के बाद एक बार फिर आवारा कुत्ते ने शांति विहार निवासी अधेड़ को काट गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शक्ति विहार कालोनी निवासी बीआर आर्या गुरुवार सुबह पत्नी संध्या आर्या के साथ काशीपुर रोड स्थित एक दुकान में गए हुए थे। जैसे ही वह कार से उतरे तो एक कुत्ता राहगीर को काट रहा था। इस पर बीआर आर्या राहगीर को बचाने लगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद कुत्ते ने बीआर आर्या पर हमला कर दिया। इससे उनके सिर और हाथ पर गहरा जख्म हो गया। साथ ही उनकी अंगुली भी काट दी। यह देख वहां से गुजर रहे दो राहगीरों ने जैसे-तैसे कुत्ते को भगाकर उन्हें बचाया और उपचार को जिला अस्पताल पहुंचाया। बता दें कि मंगलवार सुबह भी आदर्श कालोनी निवासी पार्वती देवी पर कुत्ते ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। लगातार कुत्तों के हमलों से लोग घायल हो रहे हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन के साथ ही नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।