सिसैया बंधा गांव में बाढ़ जैसे हुए हालात
खटीमा में शारदा सागर डैम का पानी ओवरफ्लो होने से सिसैया बंधा गांव में बाढ़ जैसे हालात। लोग परेशान।
संवाद सहयोगी, खटीमा: शारदा सागर डैम का पानी ओवरफ्लो होने से सिसैया बंधा गांव में घुस आया है। जिससे गांव में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है। गांव के करीब 400 परिवार पिछले 15 दिनों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे है। आवागमन करने के लिए उन्हें नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। इसको लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त है।
बता दें कि सिसैया बंधा गांव शारदा सागर डैम के किनारे बसा हुआ है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा डैम को भरने के लिए पानी छोड़ा गया है। जिसका पानी ओवरफ्लो होकर गांव में घुस आया है। जिससे गांव में लोगों के घरों के आगे तीन-तीन फुट पानी भरा हुआ है। गांव के हंसराज ने बताया कि लोगों को आवागमन करने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। स्कूली बच्चें स्कूल नहीं पहुंच पा रहे है। छोटे बच्चों के डूबने की भी आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जलभराव के चलते लोगों को खाना बनाने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी भरने से बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। उनके मवेशियों के सामने चारे का भी संकट बना हुआ है। यही स्थिति रही तो उनके सामने खाने-पीने का भी संकट गहरा जाएगा। इधर विधायक पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर पानी कम करने को निर्देशित किया है।
इंसेट:
बच्ची की डूबने से हो चुकी है मौत
खटीमा: सिसैया बंधा गांव में कुछ दिन पूर्व ही रवि की मासूम पुत्री कृतिका अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वहं वहां हुए जलभराव में डूब गई थी। जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
इंसेट:
चार दिन बाद गांव में होनी है शादी
खटीमा: सिसैया बंधा गांव में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। चार दिन बाद यानि 9 दिसंबर को गांव में दो परिवारों के घर विवाह समारोह होना है। ऐसे में उनके सामने बारात की तैयारियों को लेकर चिंता सताने लगी है।