बाजपुर और गदरपुर में स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
बाजपुर पुलिस ने वाहन चेकिग के दौरान बाइक सवार युवक को 10.30 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
संवाद सहयोगी, बाजपुर : पुलिस ने वाहन चेकिग के दौरान बाइक सवार युवक को 10.30 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। जिसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन का मुकदमा भी दर्ज किया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष केलाखेड़ा मनोहर चंद पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति-व्यवस्था व लॉकडाउन पालन करवाने के लिए भ्रमण पर थे। जिसमें पुलिस ने सरकड़ी तिराहे के निकट आने जान वाले संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं, वाहनों आदि की चेकिग शुरू कर दी। इसी बीच शनिवार की देर रात एक युवक बाइक पर गदरपुर की तरफ से आता दिखाई दिया। जो सामने पुलिस को देखकर सकपका गया और वापस बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। जिसे घेराबंदी करके पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम ग्राम नंदपुर गदरपुर निवासी जर्नादन राजभर पुत्र पारसनाथ बताया। तलाशी में उसके पास से 10.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपित ने यह स्मैक बिलासपुर उप्र निवासी एक व्यक्ति से लेकर आने की बात कबूल की है। पुलिस ने अवैध स्मैक के साथ ही लॉकडाउन का उल्लंघन करने के चलते धारा 8/22/60 एनडीपीएस एक्ट तथा 188/269/270 आईपीसी एवं 51(बी) आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से बरामद बाइक संख्या (यूके06/एटी5673) को भी सीज कर दिया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दे दिए गए हैं।
----- गदरपुर में स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार
संसू, गदरपुर: पुलिस ने तीन युवकों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6.15 ग्राम स्मैक बरामद हुआ है। पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष सतीश कापड़ी ने बताया शनिवार रात सूचना मिली थी कि स्मैक की तस्करी की जा रही है। इस पर चौकी प्रभारी सकैनिया हरविदर सिंह सरोवर नगर को जाने वाली सकैनिया रोड पर वाहनों की चेकिग कर रहे थे। इस दौरान एक पल्सर बाइक में सवार तीन युवक पुलिस को देख वापस मुड़ने लगा। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम असगर अली, रेशम सिंह और अर्जुन सिंह बताया। थानाध्यक्ष सतीश कापड़ी ने बताया कि तीनों के पास से 6.15 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसमें असगर अली के कब्जे से 1.75 ग्राम, रेशम सिंह के कब्जे से 2.05 ग्राम, अर्जुन सिंह के कब्जे से 2.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रविवार को उन्होंने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
----------
25 लीटर कच्ची शराब समेत एक गिरफ्तार बाजपुर : एसएसपी द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए बेरिया दौलत चौकी की पुलिस ने ग्राम मडैया हट्टू निवासी कुलवंत सिंह पुत्र भैरो सिंह को 25 लीटर कच्ची शराब के साथ गांव के नजदीक से ही गिरफ्तार किया गया। इसके खिलाफ धारा 60 एक्साइड एक्ट के साथ ही लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर धारा 188, 269, 270 आईपीसी व 51ख आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत मामला दर्ज किया गया है।