जनसमस्या निस्तारण में लापरवाही पर नही बचेंगे अधिकारी: शुक्ला
शिविर में नहीं पहुंचे अधिकारियों पर बरसे किच्छा विधायक राजेश शुक्ला। चेताया।
जागरण संवाददाता, किच्छा : विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी बच नहीं पाएंगे। शिविर में अधिशासी अभियंता जल संस्थान के न पहुंचने पर विधायक शुक्ला बिफर गए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से वार्ता कर बहुउद्देशीय शिविर में नहीं पहुंचने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
विधायक शुक्ला ने शनिवार को लालपुर स्थित किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में फरियादियों की समस्याए सुनीं और उनका निस्तारण कराया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत विभाग आदि समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। अधिकारियों से कहा कि फरियादियों को इधर उधर परेशान होना पड़े तो फिर शिविर का कोई औचित्य नहीं है।
शिविर में पंचायती राज, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, राजस्व, होम्योपैथिक, गन्ना, गन्ना विकास , ऊर्जा निगम, सहकारिता, पेयजल निगम उधम सिंह नगर, शिक्षा, उद्यान, ग्राम विकास, मत्स्य, पूर्ति, जल संस्थान, जिला पंचायत, पशु चिकित्सालय, बाल विकास आदि विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सीमा मलिक, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनुज पाठक, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हरीश खानवानी, आत्मा परियोजना अध्यक्ष बब्बू वर्मा, मयंक तिवारी, राजेश प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।
..
छात्रों को नशे के खिलाफ किया जागरूक
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर विधिक शिविर में छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। एनएसएस के अभियान एवं कार्यों की रुपरेखा प्रस्तुत की गई।
उप निरीक्षक राजेश पांडे ने नशे के खिलाफ पुलिस विभाग की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन के बारे में विस्तार से बताया। स्वयंसेवकों से नशे के खिलाफ आंदोलन में अपना सहयोग प्रदान करने की अपील की। जिला लोक अदालत से आई सुभाषिनी ने जिला विधिक के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।वरिष्ठ अधिवक्ता उमेश जोशी ने लोक अदालत के कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर एनएसएस प्रभारी गिरीश चंद्र शर्मा, प्रधानाचार्य केके शर्मा, एनएल गंगवार, ओपी शुक्ला, केएस कंबोज, कुलदीप गहलोत, जगदीश भट्ट आदि मौजूद थे।