गदरपुर में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने जीत के लिए आपसी मतभेदों को भूलने की नसीहत दी
गदरपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर ही जीत हासिल हो सकती है।
संवाद सूत्र, गदरपुर : पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि गदरपुर से कांग्रेस का विधायक जीते और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हो। इसके लिए संगठन को मजबूत करने व बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की जरूरत है। जीत के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से एकजुट होना होगा। साथ ही आपसी मतभेदों को दूर करना होगा।
दिनेशपुर मोड़ स्थित एक पैलेस में गुरुवार को आयोजित बैठक में नेता प्रतिपक्ष डाक्टर इंदिरा हृदयेश ने कहा कि संगठन मजबूत होगा तो कार्यकर्ता मजबूत होंगे। कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीता जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भाजपा में विकास कार्य ठप है, जनता परेशान है। भाजपा की कथनी-करनी को जनता समझ चुकी है। चुनाव में इसका खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष रीना कपूर ने कहा कि बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन जल्द किया जाएगा। जिला स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि नगर व ब्लाक में जो भी कार्यक्रम किए जाएं। सभी को साथ में लेकर किए जाएं। जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि कैबिनेट मंत्री अरविद पांडे अपने क्षेत्र का विकास तक नहीं करा सके। बैठक में कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे गए। इससे संगठन व बूथ को और मजबूत किया जा सके। संचालन ब्लॉक अध्यक्ष नासिर हुसैन ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, प्रीत ग्रोवर, सुभाष बेहड़, टीकम खेड़ा, मोहम्मद आलम, सिद्धार्थ अरोरा, इंद्रपाल सिंह, ममता हालदार, वरुण कपूर व अनिल सिंह आदि मौजूद थे।