गिरफ्तारी न हुई तो गदरपुर में आज से बेमियादी धरना
गदरपुर में विजिलेंस टीम पर हमले के विरोध में ऊर्जा निगम के कर्मचारियों का आंदोलन जारी।
जागरण संववाददाता, रुद्रपुर: गदरपुर के ग्राम पत्थरकुई में विजिलेंस टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से ऊर्जा निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता कार्यालय में सभा कर कर रोष जताया। साथ ही बुधवार शाम तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो आज से गदरपुर उपखंड कार्यालय में बेमियादी धरना दिया जाएगा।
निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने गुरुवार को एसई कार्यालय में सभा कर गिरफ्तारी की मांग की। उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन के प्रमुख महामंत्री एमएन उप्रेती ने कहा कि गदरपुर में विजिलेंस टीम में शामिल जेई विद्या सागर पाठक और लाइनमैन सतेंद्र को गृहस्वामी और उनके परिजनों ने मारपीट कर बंधक बनाया। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद भी अभी तक गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। चेताया कि यदि गुरुवार शाम तक गिरफ्तारी नहीं हुई तो शुक्रवार से गदरपुर उपखंड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। आंदोलन के दौरान कार्यालय अवधि के बाद सभी अधिकारी अपरना मोबाइल बंद कर देंगे। पुलिस पर आरोपितों को गिरफ्तार करने में सुस्त रवैया अपनाने का आरोप लगाया। जबकि आरोपितों की लोकेशन लगातार पुलिस के पास आ रही है। सभा में जेई कुलदीप सिंह राठी, डीसी गुरुरानी, दीपक पाठक, मनीष जोशी, अनुज त्रिपाठी, अजीत कुमार,आलोक सचान, विवेक उपाध्याय, विनोद कुमार,प्रवीन कुमार, पारुल कुमार,सुनील कुमार सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
बता दें कि 16 जनवरी को गदरपुर के पत्थरकुई गांव में विजिलेंस टीम पर हमला हुआ था। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी हमलावर गिरफ्तार नहीं हो सके है जिसकी वजह से ऊर्जा निगम के कर्मचारियों में काफी आक्रोश है।