संप्रदाय विशेष के नाम पर काटी जा रही कालोनी के खिलाफ हिदू युवा वाहिनी मुखर
रुद्रपुर में संप्रदाय विशेष कालोनी काटने के विरोध में हिदू युवा वाहिनी मुखर हो गई है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : संप्रदाय विशेष कालोनी काटने के विरोध में हिदू युवा वाहिनी मुखर हो गई है। उन्होंने एसएसआइ को ज्ञापन सौंपते हुए बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। साथ ही चेताया कि यदि कार्रवाई जल्द न हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हिदु युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष भुवन सिंह बिष्ट और जिलाध्यक्ष विनय भदौरिया ने वाहिनी कार्यकर्ताओं के साथ रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे। जहां उन्होंने एसएसआइ सतीश चंद्र कापड़ी को शिकायत पत्र देकर कहा कि संप्रदाय विशेष के लिए कालोनी काटी जा रही है। इसका विज्ञापन ऊधम सिंह नगर के साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर, बरेली आदि जिलों में लगाया गया है। विज्ञापन में बाकायदा कालोनाइजर का नंबर व रुद्रपुर में कार्यालय का नाम भी है। कालोनाइजर की मनमानी इस कदर बढ़ गई कि कमाई के लालच में कायदा कानून भूल गया। धर्म विशेष के लिए कालोनी काटना भारतीय संविधान की मूल भावनाओं के विपरित है। जो धर्म के आधार पर भेदभाव को दर्शाता है। आरोप लगाया कि कालोनाइजर भारतीय संविधान के विपरित कार्य कर रहा है। संप्रदाय विशेष के लिए काटी जा रही कालोनी उत्तराखंड राज्य में जनसांख्यिकी परिवर्तन के षड़यंत्र की संभावनाओं को भी दर्शाता है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को रोकने की मांग करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। एसएसआइ सतीश चंद्र कापड़ी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शिकायत पत्र देने वालों में वाहिनी के नगर अध्यक्ष राजा भारद्वाज, मनोज राणा, सुनील सेमवाल, कुलदीप खुराना, सुदेव गुप्ता, मनोज गंगवार, विकास आर्य, पंकज शर्मा शामिल थे।