गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, सब हुए बेहाल
रुद्रपुर में गर्मी ने तराई में 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : गर्मी ने तराई में 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बुधवार को पारा 40 डिग्री के अधिकतम तापमान पर पहुंच गया। दोपहर में तेज धूप के बीच लू के थपेड़ों ने सड़कों पर चलना दूभर कर दिया। गर्मी बढ़ने से लोग पसीने से तरबतर हो गए। मौसम विज्ञानियों की माने तो अभी आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। इस बार गर्मी सितम ढाएगी जो कि स्वास्थ्य को प्रभावित करेगी।
तेज धूप के कारण सड़कें दिन में सूनी हो गई। बाजार में भी लोग कम निकलें। गर्मी के कारण कमरे में भी तपन महसूस होने लगी। पंखे की हवा भी शरीर पर नहीं लग रही थी। पंत विवि के मौसम विज्ञानी डा. राजकुमार सिंह ने बताया कि अप्रैल में 40 डिग्री तक पारा बीते 10 वर्षो में नहीं पहुंचा। इस बार पहुंच गया। लगातार पेड़ों के कटाई के चलते पर्यावरण को नुकसान हुआ है, जिसकी वजह से लगातार मौसम में रूखापन, हवाओं में नमी की मात्रा लगातार कम होती जा रही है। जिसका प्रभाव यह है कि बारिश लगातार घट रही है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि संभावना है कि तराई में आने वाले दिनों में गर्मी और कहर ढाए। ::::
2010 में 13 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस था
बुधवार को बीते 2009 से अब तक का मौसम का रिकार्ड देखा जाए तो 2010 में 13 अप्रैल को तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी वर्षों में तापमान इतना नहीं बढ़ा। जिस हिसाब से तापमान इस वर्ष बढ़ रहा है उससे अनुमान लगाया जा सकता है कि आगे गर्मी और पड़ेगी। वर्ष अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
2009 36 डिग्री सेल्सियस 17
2010 41.5 18.9
2011 33.6 18.4
2012 34.5 15.9
2013 36.4 16.4
2014 34.6 18.8
2015 31 19.4
2016 36 16.9
2017 36 16.8
2018 31.5 14.4
2019 37 18.1
2020 36 17
2021 40 15.5 डिग्री सेल्सियस