ठेका प्रथा खत्म नहीं तो उग्र आंदोलन
सरकार की अनदेखी पर पर्यावरण मित्रों का पारा आसमान पर चढ़ गया।
जागरण संवाददाता, किच्छा : सरकार की अनदेखी पर पर्यावरण मित्रों का पारा आसमान पर चढ़ गया। उन्होंने नगर पालिका में धरना देकर रोष जताया। उन्होंने समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। साथ ही चेताया कि यदि मांगों पर जल्द गौर नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ललित पाल के नेतृत्व में कर्मचारियों ने गुरुवार को ठेका प्रथा समाप्त करने व मृतक आश्रितों को नौकरी देने की मांग को लेकर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन से कई बार वार्ता की जा चुकी है, लेकिन कोई भी संतुष्टजनक जवाब उनको अभी तक नहीं मिल पाया है। जिससे उनको मजबूर होकर धरने का कदम उठाना पड़ रहा है। कहा आज धरना सांकेतिक रूप से दिया जा रहा है। उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो पर्यावरण मित्र उग्र आंदोलन के लिए भी तैयार है। धरना देने वालों में कल्लू चरन, राहुल, दीपक दास, विनोद, नितिन, सचिन, सूरज, सुनील, राकेश, उमेश, संजू, सुरेश आदि शामिल थे।