किन्नर सपना पर हमले के मामले में चार नामजद
किच्छा में किन्नर सपना पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को नामजद किया है।
जागरण संवाददाता, किच्छा : किन्नर सपना पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इशरत पहलवान ने उस पर गोली चलाई थी। सपना किन्नर की हालत गंभीर बनी हुई है।
शनिवार शाम सपना किन्नर को उसके ही घर में गोली मार दी थी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। रुद्रपुर के निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। रविवार शाम पुलिस को दी तहरीर में सपना किन्नर ने आरोप लगाया कि शक्तिफार्म के किन्नर लाल सिंह व किशनियां ने उससे पैसे की मांग की थी। इससे मना करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार शाम इशरत पहलवान के साथ किन्नर लाल सिंह, किशनियां व छोटे उसके घर पर दो बाइक पर सवार होकर आए थे। आरोप है कि इशरत ने उस पर फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने इशरत पहलवान निवासी मंडनपुर बहेड़ी जनपद बरेली उत्तर प्रदेश, छोटे निवासी गिरधरपुर थाना देवरनिया जनपद बरेली उत्तर प्रदेश व किन्नर लाल सिंह, किन्नर किशनियां निवासी शक्तिफार्म के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनसेट ..... आरोपित के गिरेबा तक पहुंची पुलिस किच्छा : रात ही आरोपितों के नाम स्पष्ट होने के बाद पुलिस टीम दबिश देने में जुट गई थी। एसओ विनोद जोशी की अगुआई में टीम मुख्य आरोपित की गिरफ़्तारी के लिए निकल गई है।
-------
जमीन के विवाद में केस
संसू, नानकमत्ता : जमीन के विवाद में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बकौल पुलिस एक पक्ष के ध्यानपुर निवासी द्वारिका प्रसाद का कहना था कि गुरदीप कौर पत्नी जोगेंद्र सिंह ने उसके मकान पर जबरन कब्जा किया है। साथ ही उसकी भूमि पर मकान निर्माण भी शुरू कर दिया। मामले में ग्राम प्रधान समर सिंह की शिकायत पर एसडीएम सितारगंज ने निर्माण रोकने के निर्देश दिए थे। 22 अक्टूबर की सुबह उसकी पुत्रियां पूजा रानी, आंचल तथा भतीजी आरती राणा व ज्योति राणा से गुरदीप कौर, पुत्री लविदर कौर, सूरज सिंह तथा कुलवंत सिंह ने अभद्रता की। थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र आर्या ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।